1. Hindi News
  2. छत्तीसगढ़
  3. महानदी में बहकर आई शराब की बोतलें, जान पर खेलकर लूटने में लगे लोग; हैरान कर देने वाला VIDEO आया सामने

महानदी में बहकर आई शराब की बोतलें, जान पर खेलकर लूटने में लगे लोग; हैरान कर देने वाला VIDEO आया सामने

छत्तीसगढ़ के अभनपुर से लोगों का शराब लूटने का एक वीडियो सामने आया है। जानकारी के मुताबिक शराब की प्लास्टिक की बोतलें नदी में बहती हुई आ रही थीं। इस लूटने के लिए लोग पुल पर जुट गए और जान पर खेलकर जुगाड़ के जरिए बोतलें लूटने में जुट गए।

नदी से शराब की बोतलें लूटते दिखे लोग।- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT नदी से शराब की बोतलें लूटते दिखे लोग।

अभनपुर से इस वक्त की तस्वीरें हैरान करने वाली हैं। यहां महानदी में आई बाढ़ के बीच पानी में बहती शराब की बोतलों को पकड़ने के लिए लोगों की भीड़ पुल पर जुट गई। तेज बहाव और जानलेवा स्थिति के बावजूद लोग शराब की बोतलें निकालने के लिए तरह-तरह के जुगाड़ करते नजर आए। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें लोगों को रस्सी और बांस के सहारे शराब लूटने की कोशिश करते हुए देखा जा सकता है। हालांकि इस दौरान जान का खतरा भी बना हुआ था, लेकिन लोग अपनी जान से खिलवाड़ कर शराब लूटने में व्यस्त रहे।

नदी में बह रही थी शराब के बोतलें

बताया जा रहा है कि धमतरी की ओर से महानदी के तेज बहाव के साथ प्लास्टिक की बोतलों में भरी शराब बहकर गोबरा नवापारा की तरफ पहुंच रही थी। जैसे ही लोगों को इसकी जानकारी मिली, तो लोग रायपुर और धमतरी जिले को जोड़ने वाले सोमवारी बाजार पुल पर पहुंचने लगे। देखते ही देखते पुल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। इसके बाद स्थानीय लोग शराब लूटने की कोशिश में जुट गए। लोगों ने तरह-तरह की तरकीबें लगानी शुरू कर दी, जिससे शराब को वह पकड़ सकें।

शराब लूटने का वीडियो आया सामने

घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में देखा जा सकता है कि कुछ लोग बांस में जाली लगाकर, तो कुछ दूसरे स्थानीय जुगाड़ के जरिए पानी में बहकर आ रही बोतलों को पकड़ने की कोशिश कर रहे हैं। लेकिन सबसे चिंता की बात ये है कि महानदी इस वक्त उफान पर है और पानी का बहाव बेहद तेज है। इसके बावजूद शराब की बोतलें पकड़ने के लिए लोग नदी के बेहद करीब तक पहुंचते नजर आए।

जरा सी लापरवाही पड़ सकती थी भारी

शराब की बोतल पकड़ने की कोशिश में की गई जरा सी लापरवाही भी भारी पड़ सकती है। तेज बहाव के बीच अगर कोई व्यक्ति नदी में गिरता है तो उसे बचाना बेहद मुश्किल हो सकता है। वहीं, बाढ़ की स्थिति को देखते हुए प्रशासन लगातार लोगों से नदी, पुल और तेज बहाव वाले इलाकों से दूरी बनाए रखने की अपील कर रहा है। फिलहाल शराब की बोतलें नदी में कहां से और किस तरह बहकर आईं, इसे लेकर आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। (इनपुट- सिकंदर खान)

यह भी पढ़ें-

बिहार के DGP विनय कुमार ने लिया VRS, अब संभालेंगे मुख्य सूचना आयुक्त की जिम्मेदारी