छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले से एक बेहद दर्दनाक खबर सामने आई है। यहां डोंगरगढ़ विकासखंड के बोरतलाव क्षेत्र स्थित गांधीनगर गांव में बारिश के पानी से भरे एक गहरे गड्ढे में डूबने से तीन बच्चों की मौत हो गई। मृतकों में दो सगे भाई शामिल हैं। पुलिस ने गुरुवार को इस घटना की जानकारी दी।
पुलिस के मुताबिक, यह हादसा बुधवार शाम को हुआ। गांव का एक 4 वर्षीय बच्चा और 8-8 वर्ष के दो सगे भाई दोपहर में खेलने के लिए घर से निकले थे। जब वे देर शाम तक वापस नहीं लौटे, तो परिजनों को चिंता हुई। ग्रामीणों और परिजनों ने मिलकर बच्चों की तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बाद देर रात गांव में ही बारिश के पानी से भरे एक बड़े गड्ढे से तीनों बच्चों के शव बरामद हुए।
गड्ढे के पानी में डूब गए
अधिकारियों ने बताया कि कुछ महीने पहले किसी काम के लिए इस जगह से मिट्टी खोदी गई थी, जिससे वहां गहरा गड्ढा बन गया था। हाल ही में हुई तेज बारिश के कारण इस गड्ढे में काफी पानी जमा हो गया था। खेलते-खेलते बच्चे इस गड्ढे के पास चले गए और उसमें डूब गए। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए डोंगरगढ़ के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया है।
ग्रामीणों में भारी आक्रोश, कार्रवाई की मांग
इस दर्दनाक हादसे के बाद गांधीनगर गांव में मातम और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों का आरोप है कि काम खत्म होने के बाद ठेकेदार या संबंधित लोगों ने गड्ढे को खुला और बिना किसी सुरक्षा इंतजाम के छोड़ दिया था। लापरवाही के कारण ही तीनों मासूमों की जान गई है। ग्रामीणों ने इस हादसे के लिए जिम्मेदार लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
टैंकर की टक्कर से स्कूटर सवार दो बच्चों की मौत
एक अन्य खबर में, छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में बुधवार सुबह राजमार्ग पर टैंकर की टक्कर से स्कूटर सवार नाबालिग भाई-बहन की मौत हो गई, जबकि एक अन्य लड़का गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस के अनुसार, घटना के बाद स्थानीय लोगों ने टैंकर चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर करीब एक घंटे तक राजमार्ग जाम रखा। बाद में पुलिस ने आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया।
ये भी पढ़ें-
सोनम वांगचुक के हेल्थ चेकअप पर दिल्ली HC का आदेश, सरकारी डॉक्टर करें नियमित जांच
जोधपुर की मंडोर ओपन जेल में गूंजेगी शहनाई, हाई कोर्ट के आदेश के बाद उम्रकैद के दो कैदी लेंगे सात फेरे