छत्तीसगढ़ में सुरक्षाबलों की बड़ी सफलता, नारायणपुर से दो नक्सली गिरफ्तार
छत्तीसगढ़ में सुरक्षाबलों ने दो नक्सलियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपियों के पास से अवैध हथियार बरामद किए गए हैं।
नारायणपुरः छत्तीसगढ़ में सुरक्षाबलों की तरफ से नक्सलियों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी है। ताजा घटनाक्रम में नारायणपुर जिले में सुरक्षाबलों ने दो नक्सलियों को गिरफ्तार किया है और उनके पास से विस्फोटक और अन्य सामान बरामद किया है। पुलिस ने बताया कि ओरछा थानाक्षेत्र के जंगल में सुरक्षाबलों ने दो नक्सलियों कोंदाराम उसेंडी (35 वर्ष) और करंजे उसेंडी (40 वर्ष) को गिरफ्तार किया।
घेराबंदी के बाद पकड़े गए नक्सली
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि ओरछा थाने से जिला रिजर्व गार्ड (डीआरजी), भारत तिब्बत सीमा पुलिस और जिला पुलिस के संयुक्त दल को नक्सल विरोधी अभियान पर कोडोली, छोटेपलरनार और रेंगाबेड़ा गांव की ओर रवाना किया गया था। अधिकारियों ने बताया कि जब सुरक्षाबल के जवान जंगल में थे तब दो संदिग्ध नक्सली वहां से भागने लगे, ऐसे में सुरक्षाबलों ने घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया। उन्होंने बताया कि नक्सली कोंदाराम और करंजे ओरछा थाना क्षेत्र के जुवाड़ा गांव के निवासी हैं और वे नक्सलियों की इंद्रावती एरिया कमेटी में सक्रिय थे।
नक्सलियों से बरामद की गई ये चीजें
अधिकारियों ने बताया कि इन नक्सलियों के खिलाफ सुरक्षाबलों पर बम विस्फोट करने, गोलीबारी करने और पुलिस दल को नुकसान पहुंचाने के लिए बारूदी सुरंग लगाने में शामिल होने का आरोप है। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार नक्सलियों के खिलाफ इस वर्ष 20 मार्च को ओरछा थाना क्षेत्र में जपगुंडा घाटी के करीब पुलिस दल पर बम से हमला कर गोलीबारी करने का भी आरोप है। इस घटना में डीआरजी के दो जवान घायल हुए थे। अधिकारियों ने बताया कि नक्सलियों से दो डेटोनेटर, एक कुकर, बिजली के तार और अन्य सामान बरामद किया गया है।
पिछले महीने गिरफ्तार किए गए थे 22 नक्सली
बता दें कि पिछले महीने बीजापुर जिले में तीन स्थानों से 22 नक्सलियों को गिरफ्तार किया गया था और उनके पास से विस्फोटक सामग्री जब्त की गई थी। उसूर थाना क्षेत्र के अंतर्गत टेकमेटला गांव के पास एक जंगल से सात नक्सलियों को गिरफ्तार किया गया। वहीं, छह अन्य नक्सलियों को जांगला थाना क्षेत्र के बेलचर गांव से गिरफ्तार किया गया, जबकि नौ नक्सलियों को नेलसनार थाना क्षेत्र के कंडाकरका गांव के जंगल से गिरफ्तार किया गया था।
इनपुट-भाषा
