1. Hindi News
  2. छत्तीसगढ़
  3. सुकमा में गोपनीय सैनिक ने पुलिसकर्मी से राइफल लेकर खुद को मारी गोली, जांच में जुटी पुलिस

सुकमा में गोपनीय सैनिक ने पुलिसकर्मी से राइफल लेकर खुद को मारी गोली, जांच में जुटी पुलिस

सुकमा में एक गोपनीय सैनिक ने खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। गोपनीय सैनिक ने यह कदम क्यों उठाया, यह सामने नहीं आया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

प्रतीकात्मक फोटो- India TV Hindi
Image Source : REPRESENTATIVE IMAGE प्रतीकात्मक फोटो

छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित सुकमा जिले में बुधवार को एक 'गोपनीय सैनिक' ने कथित तौर पर खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। पुलिस अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना बुधवार सुबह करीब 9:30 बजे जिले के भंडारीपारा पुलिस शिविर में हुई। गोपनीय सैनिक की पहचान सोढ़ी सोमडा के रूप में हुई है और वह इसी शिविर में तैनात थे।

जिले के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि सोढ़ी सोमडा ने एक पुलिसकर्मी से राइफल ली और फिर खुद को गोली मार ली। घटना के तुरंत बाद उन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

अधिकारियों ने यह भी बताया कि फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि गोपनीय सैनिक ने यह कदम क्यों उठाया। पुलिस ने इस मामले की जांच शुरू कर दी है, ताकि आत्महत्या के कारणों का पता लगाया जा सके। बता दें कि बस्तर क्षेत्र में नक्सल विरोधी अभियानों में पुलिस स्थानीय युवकों को 'गोपनीय सैनिक' या गुप्तचर के तौर पर भर्ती करती है। सुकमा, बस्तर क्षेत्र के सात जिलों में से एक है, जो नक्सलवाद से बुरी तरह प्रभावित है।

उचित मूल्य की दुकान के संचालक की हत्या

एक अन्य खबर में, छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में नक्सलियों ने उचित मूल्य की दुकान के संचालक की कथित तौर पर कुल्हाड़ी से वार कर हत्या कर दी। घटना रविवार देर रात साढ़े 11 बजे उसूर थाना क्षेत्र के लिंगापुर गांव की है, जहां सामाजिक कार्यक्रम में शामिल होने आए मारूडबाका गांव के निवासी नागा भंडारी की नक्सलियों ने कुल्हाड़ी से वार कर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर वहां से फरार हो गए।

ये भी प पढ़ें-

कतर से मिल रहा 400 मिलियन डॉलर का लग्जरी गिफ्ट, डोनाल्ड ट्रंप बोले- कोई मुर्ख ही ठुकराएगा

मां की मौत के बाद मासूम बेटी पर जुल्म, नशेड़ी पिता ने जानवरों के बाड़े में बांध दिया, खाने के लिए देता था छिलके