1. Hindi News
  2. छत्तीसगढ़
  3. खेत में खोदे गए पानी से भरे गड्ढे में डूबने से तीन स्कूली बच्चों की मौत, गांव में पसरा मातम

खेत में खोदे गए पानी से भरे गड्ढे में डूबने से तीन स्कूली बच्चों की मौत, गांव में पसरा मातम

डोंगरगढ़ डबरी में डूबने से तीन बच्चों की मौत हो गई। बच्चों की मौत से गांव में मातम पसरा है। बोरतालाब थाना क्षेत्र के गांधीनगर गांव का यह मामला है।

सांकेतिक तस्वीर- India TV Hindi
Image Source : ANI सांकेतिक तस्वीर

छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले में डबरी (गड्डे) में डूबने से तीन बच्चों की मौत हो गई। ये सभी बच्चे आदिवासी समाज के थे और कक्षा पहली तथा तीसरी में पढ़ते थे। मामला बोरतलाव थाना क्षेत्र का है। बताया जा रहा है कि शिक्षक रोजाना इन बच्चों को स्कूल लाने और ले जाने का काम करते थे, लेकिन शिक्षकों की हड़ताल होने के कारण वे बच्चों को लेने नहीं आए थे, जिसके बाद यह दुखद हादसा हुआ। 

देर शाम बच्चों के शवों को डबरी से बाहर निकाला गया और वर्तमान में उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) डोंगरगढ़ के मर्चुरी में रखा गया है। इस भीषण हादसे के बाद से पूरे गांधीनगर गांव में मातम पसरा हुआ है और पीड़ित परिवारों में शोक की लहर है।

खेत में खोदे गए गड्ढे में डूबने से मौत

 एडिशनल SP कीर्तन राठौर ने बताया कि यह घटना बोरतालाब पुलिस स्टेशन इलाके के गांधी नगर रोड पर हुई। उन्होंने कहा कि रेलवे के काम के लिए एक खेत में खोदे गए पानी से भरे गड्ढे में डूबने से तीन स्कूली बच्चों की मौत हो गई। काफी मशक्कत के बाद देर शाम शवों को बाहर निकाला गया और डोंगरगढ़ कम्युनिटी हेल्थ सेंटर लाया गया।

बताया जा रहा है कि खेत में खोदे गए गड्ढे में बारिश का पानी भर गया था। मरने वाले बच्चे गड्ढे में नहाने लगे। इसी दौरान वे डूब गए और उनकी जान चली गई। एक ग्रामीण ने बताया कि करीब 10-12 बच्चे घूमने गए थे। इनमें से तीन बच्चे नहाने के लिए कूद गए। बताया जा रहा है कि ये 6 फ़ीट का गड्ढा था। स्थानीय लोगों ने प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया है।

रोड किनारे खेल रही बच्ची की मौत

इससे पहले जून में अंबागढ़ चौकी पुलिस स्टेशन इलाके के गुंडरदेही गांव में सड़क किनारे खेल रही एक बच्ची की तेज़ रफ़्तार ट्रक की चपेट में आने से मौत हो गई थी। 
हादसे के तुरंत बाद आरोपी ड्राइवर भाग निकला। तेज़ रफ़्तार में भागते हुए उसने कई पुलिस बैरिकेड्स तोड़े और आखिरकार कोरकोट्टी गांव के पास पकड़ा गया। इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया था।

ये भी पढेंः हाथी के हमले से मर गई मां, शव के पास बैठकर रोती रही दुधमुंही बच्ची; दर्दनाक मामला आया सामने

छत्तीसगढ़ के इंजीनियर ने गुरुग्राम में किया कांड, पहले गर्लफ्रेंड को मारा फिर ट्रेन के सामने जाकर कट गया

रिपोर्ट- सिकंदर रजा