A
  1. Hindi News
  2. छत्तीसगढ़
  3. ट्रेलर में माल की जगह 250 लोगों को भूसे की तरह भरा था ड्राइवर, पुलिस ने सिखाया सबक, गिरफ्तार कर भेजा जेल

ट्रेलर में माल की जगह 250 लोगों को भूसे की तरह भरा था ड्राइवर, पुलिस ने सिखाया सबक, गिरफ्तार कर भेजा जेल

छत्तीसगढ़ में ट्रेलर चालक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। ड्राइवर ने ट्रेलर में करीब 250 लोगों को बैठाया था। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को जेल भेज दिया है।

ट्रेलर में सवार लोग- India TV Hindi
Image Source : REPORTER ट्रेलर में सवार लोग

छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के खरोरा इलाके में पुलिस की सतर्कता से एक बड़ा सड़क हादसा टल गया। चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक ऐसे ट्रेलर को रोका, जिसे देखकर खुद पुलिसकर्मी भी हैरान रह गए। ट्रेलर में सामान की जगह यात्री सवार थे। पुलिस ने जब ट्रेलर को पकड़ा तो उसमें 200 से 250 लोग सवार थे। पुलिस ने मामला दर्ज कर ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया।

जानकारी के मुताबिक, नियमों की खुलेआम अनदेखी करते हुए ट्रेलर के ड्राइवर ने गाड़ी नंबर CG 04 PP 8113 में करीब 200 से 250 यात्रियों को ठूस-ठूसकर भरा था। सभी यात्री बेमेतरा जिले के ग्राम बहेरघर के निवासी बताए जा रहे हैं, जो रायगढ़ स्थित मां चन्द्रहासिनी देवी के दर्शन कर वापस लौट रहे थे।

ट्रेलर का ड्राइवर गिरफ्तार

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए ट्रेलर चालक शोभित राम निषाद को गिरफ्तार कर लिया। बताया जा रहा है कि चालक न केवल लापरवाहीपूर्वक वाहन चला रहा था, बल्कि उसने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों के साथ दुर्व्यवहार भी किया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 281 और मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 184 के तहत मामला दर्ज किया है।

यहां देखें वीडियो

पुलिस ने लोगों को 2 बसों और 5 क्रूजर वाहनों में भेजा

संभावित हादसे को टालने के लिए खरोरा पुलिस और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने संवेदनशीलता दिखाते हुए सभी यात्रियों की सुरक्षित घर वापसी सुनिश्चित की। इसके लिए मौके पर ही 2 बसों और 5 क्रूजर वाहनों की व्यवस्था कर यात्रियों को रवाना किया गया। 

Image Source : reporterट्रेलर में सवार लोग

अफीम की अवैध खेती का मामला, एक गिरफ्तार

वहीं, छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में पुलिस ने अफीम की अवैध खेती करने के आरोप में एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है। इससे पहले, राज्य के दुर्ग और बलरामपुर जिले में भी अफीम की अवैध खेती पकड़ी गई थी। पिछले 15 दिनों में इस तरह का यह चौथा मामला है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले के तमनार थाना क्षेत्र के अंतर्गत आमाघाट गांव में नदी किनारे लगभग एक एकड़ भूमि में अफीम की अवैध खेती का पता चला।

रिपोर्ट- सिकंदर खान