A
  1. Hindi News
  2. छत्तीसगढ़
  3. वंदे भारत एक्सप्रेस में गांजे की तस्करी करते हुए 2 लड़कियां गिरफ्तार, 24 किलो गांजा जब्त

वंदे भारत एक्सप्रेस में गांजे की तस्करी करते हुए 2 लड़कियां गिरफ्तार, 24 किलो गांजा जब्त

छत्तीसगढ़ के रायपुर में गांजे की तस्करी करते हुए 2 लड़कियों को गिरफ्तार किया गया है। ये लड़कियां वंदे भारत एक्सप्रेस में गांजे की तस्करी कर रही थीं।

marijuana- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT गांजे की तस्करी करते हुए 2 लड़कियां गिरफ्तार

रायपुर: छत्तीसगढ़ के रायपुर से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां वंदे भारत एक्सप्रेस में गांजा तस्करी करती हुईं 2 लड़कियों को गिरफ्तार किया गया है। ये लड़कियां वंदे भारत एक्सप्रेस के AC 2 कोच में गांजा तस्करी कर रही थीं। आरोपियों की पहचान नीलम राठौर और रीना वर्मा के रूप में हुई है।

कितनी है जब्त गांजे की कीमत?

दोनो युवतियां तिफरा बिलासपुर की निवासी हैं और विशाखापट्टनम से गांजा लेकर आ रही थीं। दोनों लड़कियों के पास से 24 किलो गांजा जब्त हुआ है। जब्त गांजे की कीमत करीब 3 से 4 लाख रुपए बताई जा रही है। इस कार्रवाई को NCB और RPF ने साथ मिलकर अंजाम दिया है।

ट्रॉली बैग में छिपा रखा था गांजा

लड़कियों ने गांजे को ट्रॉली बैग में छिपा रखा था, जिससे दूसरों को ये लगे कि लड़कियां अपने बैग में कपड़े या अन्य जरूरी सामान लेकर जा रही हैं लेकिन जब इनके बैग्स को खोला गया तो उसमें गांजे के अलावा कुछ नहीं था। इन गांजे से भरे बैग्स को देखकर पुलिस भी दंग रह गई।

देखने में ये लड़कियां बहुत कम उम्र की लग रही हैं और इनका पहनावा भी आम लड़कियों की तरह ही है लेकिन उनका दिमाग इस तरह आपराधिक गतिविधियों में लगा होगा, इसका अंदाजा किसी को नहीं था। मीडिया के सामने ये लड़कियां मुंह छिपाते हुए नजर आईं।

गांजा एक सूखा नशा है, जो इंसान के दिमाग को स्लो कर देता है और वह नशे के दौरान हल्का महसूस करता है। लंबे समय तक इसका सेवन करने से व्यक्ति की हालत बिगड़ सकती है और वह मानसिक रूप से परेशान हो सकता है। इसके सेवन से तेज हृदय गति, चिंता, और भ्रम जैसी स्थितियां उत्पन्न हो सकती हैं। सामान्य रूप से भारत में, एनडीपीएस (NDPS) अधिनियम के तहत गांजे की खेती, बिक्री और सेवन अवैध है। हालांकि विदेश में कई जगहों पर इसका सेवन वैध है। (रिपोर्ट- सिकंदर खान)