A
  1. Hindi News
  2. छत्तीसगढ़
  3. जमीन विवाद में एक शख्स की हत्या कर भाग रहे थे आरोपी, दूसरे पक्ष ने एक को पकड़ा और फिर...

जमीन विवाद में एक शख्स की हत्या कर भाग रहे थे आरोपी, दूसरे पक्ष ने एक को पकड़ा और फिर...

छत्तीसगढ़ के जशपुर में स्थित पाकरगांव में जमीन विवाद में दो पक्षों के बीच हिंसा हुई, जिसमें चकरोधर यादव और नान्ही नागवंशी की मौत हो गई। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है और मामले की जांच कर रही है।

Jashpur murder, land dispute, murder, Chakarodhar Yadav, Patthalgav violence- India TV Hindi
Image Source : PIXABAY REPRESENTATIONAL पुलिस अब मामले की जांच कर रही है।

जशपुर: छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में पड़ने वाले पत्थलगांव थाना क्षेत्र से एक बड़ी खबर सामने आई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, जिले के पाकरगांव में जमीन विवाद को लेकर 2 पक्षों के बीच हुई हिंसक झड़प में 2 लोगों की मौत हो गई। पुलिस अधिकारियों ने शुक्रवार को इस बारे में जानकारी देते हुए बताया कि मृतकों की पहचान 52 साल के चकरोधर यादव और 30 साल के पुस्तम उर्फ नान्ही नागवंशी के रूप में की गई है। पत्थलगांव के थाना प्रभारी विनीत पांडेय के अनुसार पाकरगांव में गिरोधर यादव के घर के पीछे की सरकारी जमीन पर स्वामित्व को लेकर उसका नागवंशी पक्ष से लंबे समय से विवाद चल रहा है।

गिरोधर को मारने पहुंचे थे दर्जनभर लोग

थाना प्रभारी ने बताया कि गिरोधर यादव ने उक्त भूमि का पट्टा अपने नाम करवाया था, जिसके खिलाफ नागवंशी पक्ष ने न्यायालय में मामला दायर किया है। पांडेय के मुताबिक बीती रात लगभग 09:30 बजे नागवंशी पक्ष के करीब दर्जनभर लोग हथियार लेकर गिरोधर यादव के घर पहुंचे। उन्होंने घर का दरवाजा और खिड़कियां तोड़ने की कोशिश की। उस समय गिरोधर यादव घर के भीतर ही मौजूद था। घटना की गंभीरता देखते हुए गिरोधर ने अपने बड़े भाई चकरोधर यादव को फोन कर मदद के लिए बुलाया।

भाई को बचाने आए चकरोधर की मौत

थाना प्रभारी का कहना है कि जैसे ही चकरोधर यादव मौके पर पहुंचा, नागवंशी पक्ष के लोगों ने उस पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इस बीच गांव में यादव समाज का कीर्तन कार्यक्रम चल रहा था। जब कीर्तन में शामिल यादव पक्ष के लोगों को हमले की जानकारी मिली तब वे बड़ी संख्या में घटनास्थल पर पहुंच गए। पांडेय के मुताबिक, यादव पक्ष के लोगों को आते देख नागवंशी पक्ष के अधिकतर लोग वहां से भाग निकले, लेकिन उनमें से एक युवक नान्ही नागवंशी, यादव पक्ष के हाथ लग गया।

कुल्हाड़ी से वार कर ली नान्ही की जान

थाना प्रभारी ने बताया कि लोगों ने उसे पकड़कर पीटा और कुल्हाड़ी से वार कर उसकी हत्या कर दी। पांडेय के अनुसार, पुलिस को जब घटना की जानकारी मिली तब घटनास्थल के लिए पुलिस दल रवाना किया गया। बाद में पुलिस दल दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल ले गया। थाना प्रभारी के अनुसार में तनाव को देखते हुए वहां अतिरिक्त बल तैनात किया गया है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है तथा जांच की जा रही है।