रायपुरः छत्तीसगढ़ में हाल में गठित और रिक्त शहरी स्थानीय निकायों के लिए हुए चुनाव और उपचुनावों में बीजेपी और कांग्रेस के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली। सत्तारूढ़ बीजेपी ने पांच पंचायत अध्यक्ष और विपक्ष कांग्रेस ने दो पंचायत अध्यक्ष पद पर जीत दर्ज की। नगरीय और पंचायत निकायों के लिए एक जून को चुनाव और उपचुनाव हुए थे। शहरी स्थानीय निकाय चुनाव ईवीएम और पंचायत चुनाव मतपत्रों से कराए गए थे।
बीजेपी और कांग्रेस को मिली इतनी सीटें
राज्य चुनाव आयोग की तरफ से जारी चुनाव परिणामों के अनुसार, बीजेपी ने बाम्हनीडीह (जांजगीर-चांपा ज़िला), शिवनंदनपुर (सूरजपुर जिला) और सहसपुर लोहारा (कबीरधाम ज़िला) नगर पंचायतों में अध्यक्ष पद पर जीत दर्ज की। वहीं, कांग्रेस ने राजनांदगांव जिले की घुमका नगर पंचायत और बालोद जिले की पलारी नगर पंचायत में विजय हासिल की।
बीजेपी को 39 और कांग्रेस को 30 सीट मिली
राज्य चुनाव आयोग ने बताया कि विभिन्न शहरी स्थानीय निकायों में जिन 71 पार्षद सीटों के लिए चुनाव और उपचुनाव हुए थे, उनमें से बीजेपी को 39 सीट और कांग्रेस उम्मीदवारों ने 30 सीट जीतीं। दो वार्डों में निर्दलीय उम्मीदवार विजयी रहे। चुनाव के नतीजे दिखाते हैं कि स्थानीय निकाय चुनाव में विपक्षी कांग्रेस ने बीजेपी को कड़ी टक्कर दी है।
चुनाव नतीजों पर प्रतिक्रिया देते हुए राज्य बीजेपी अध्यक्ष किरण देव ने चुनावों में अच्छे प्रदर्शन के लिए वोटरों और पार्टी कार्यकर्ताओं का धन्यवाद किया और कहा कि नतीजे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और सरकार के कल्याणकारी और विकास एजेंडे में लोगों के भरोसे को दिखाते हैं। उन्होंने कहा कि कबीरधाम जिले में बीजेपी उम्मीदवार सरिता संतोष मिश्रा ने सहसपुर लोहारा नगर पंचायत अध्यक्ष पद 762 वोटों से जीता।
इन सीटों पर हुई थी वोटिंग
बता दें कि सहसपुर लोहारा नगर पंचायत में चेयरमैन के पद और अलग-अलग नगर निकायों में पार्षद की 11 सीटों के लिए उपचुनाव हुआ, जबकि चार नई बनी नगर पंचायतों - घुमका, बाम्हनीडीह, शिवनंदनपुर और पलारी - में चेयरमैन के चार पदों और पार्षद की 60 सीटों के लिए आम चुनाव हुए। त्रि-स्तरीय पंचायत चुनावों में कुल 1,228 पदों के लिए चुनाव हुए। इनमें 1,136 वार्ड पंच पद, 82 सरपंच पद और 10 जनपद पंचायत सदस्य पद शामिल थे। 640 वार्ड पंच पदों पर उम्मीदवार निर्विरोध चुने गए, जबकि बाकी 107 सीटों के लिए वोटिंग हुई।