1. Hindi News
  2. छत्तीसगढ़
  3. जंगल में महुआ इकट्ठा करने गई थी महिला, जंगली हाथी ने कुचलकर मार डाला

जंगल में महुआ इकट्ठा करने गई थी महिला, जंगली हाथी ने कुचलकर मार डाला

छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में जंगली हाथी के हमले में एक महिला की मौत हो गई। वह महुआ इकट्ठा करने जंगल गई थी। घटना के बाद मृतिका के परिजनों को आर्थिक सहायता दी गई है।

Chhattisgarh News, Chhattisgarh, Balrampur, Wild Elephant, Attack- India TV Hindi
Image Source : PEXELS REPRESENTATIONAL छत्तीसगढ़ में एक जंगली हाथी ने एक महिला को कुचलकर मार डाला।

बलरामपुर: छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में जंगली हाथी के हमले में जंगल में महुआ इकट्ठा करने गई एक महिला की मौत हो गई। अधिकारियों ने बुधवार को इस बारे में जानकारी देते हुए बताया कि महिला जिले के शंकरगढ़ वन परिक्षेत्र के अंतर्गत सिलियारीकोना गांव के जंगल में महुआ एकत्र करने गई थी। उन्होंने बताया कि 54 साल की महिला गिधि पहाड़ी कोरवा को इसी दौरान जंगली हाथी ने कुचल दिया। अधिकारियों ने बताया कि इस घटना में महिला की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

‘बाकी लोगों ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई’

अधिकारियों ने बताया कि जगिमा जोताड़ गांव की निवासी गिधि महुआ बीनने के लिए सिलियारिकोना गांव के जंगल में गई थी। उन्होंने बताया कि आज सुबह 6 बजे जब वह जंगल में थीं तब एक जंगली हाथी ने उस पर हमला कर दिया। उन्होंने बताया कि हाथी ने महिला को कुचलकर मार डाला। अधिकारियों ने बताया कि महिला के साथ महुआ एकत्र करने गए अन्य लोगों ने वहां से भागकर किसी तरह अपनी जान बचाई। उन्होंने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद वन विभाग के अधिकारी और कर्मचारी घटनास्थल पहुंच गए और गिधि पहाड़ी कोरवा के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा।

परिजनों को दी गई है तात्कालिक आर्थिक सहायता

अधिकारियों ने बताया कि मृतिका के परिजनों को तात्कालिक सहायता राशि के रूप में 25 हजार रुपये दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि बाकी की 5.75 लाख रुपये की राशि औपचारिकता पूरी करने के बाद दी जाएगी। वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि झारखंड से आए 2 हाथियों ने मंगलवार को रामानुजगंज क्षेत्र में महिला सहित 2 लोगों पर हमला किया था। उन्होंने बताया कि इस हमले में दोनों की मौत हो गई थी। अधिकारियों ने बताया कि इसके बाद एक हाथी ने सिलियारिकोना के जंगल में महिला पर हमला किया है। उन्होंने बताया कि गांव में मुनादी कर ग्रामीणों को हाथियों से दूर रहने की सलाह दी गई है।