बागपत जिले के रमाला थाना क्षेत्र के किरठल गांव में मंगलवार को हुई एक दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके को दहला दिया है। गांव के रहने वाले 12वीं कक्षा के छात्र ने घटना से पहले अपने परिजनों को मोबाइल पर “गुड बाय” का मैसेज भेजा था, जिसके बाद परिवार में कोहराम मच गया। मैसेज देखकर लोग कुछ समझ पाते छात्र ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। जानकारी के अनुसार, मृतक छात्र पर करीब 20 दिन पहले एक मुकदमा दर्ज हुआ था, जिसके बाद से वह मानसिक रूप से काफी तनाव में चल रहा था।
वजह है चौंकाने वाली
परिजनों का कहना है कि मुकदमे की वजह से वह काफी परेशान रहने लगा था और इसी तनाव के कारण उसने यह खतरनाक कदम उठाया। घटना की सूचना मिलते ही रमाला थाना पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन परिजनों ने पुलिस की जांच को लेकर विरोध जताया। हालात इतने तनावपूर्ण हो गए कि पुलिस को लोगों को शांत कराने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गहन जांच में जुट गई है।
गांव में इस घटना के बाद शोक और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि छात्र को आत्महत्या की ओर धकेलने वाले कारणों की निष्पक्ष जांच की जाए। वही पीड़ित परिजन धर्मेंद्र चौहान ने बताया कि छात्र बहुत सीधा सादा और अच्छा लड़का था। मुकदमे के बाद से वह अवसाद में था और उसे झूठे मुकदमे में फसाया जा रहा था उसकी नामदर्ज रिपोर्ट की गई थी। जिसको लेकर वह तनाव में था। परिजनों को इस बात का अंदेशा नहीं था कि वह इतना बड़ा कदम उठा लेगा।
रात में भेजा मैसेज, कर लिया सुसाइड
सोमवार की देर रात उसने गुड बाय मैसेज भेजा और जब सुबह करीब 4 बजे परिजन सोकर उठे तो उन्होंने देखा कि छात्र ने कमरे में फांसी के फंदे से झूलकर आत्महत्या कर ली है, यह देखकर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई । आनन फानन में इसकी सूचना पुलिस को दी गयी। फिलहाल पुलिस हर पहलू से मामले की पड़ताल कर रही है और परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। सीओ बड़ौत विजय कुमार ने भी घटनास्थल पर मौके पर पहुंचकर पूरे मामले की बारीकी से जांच की है ।
(बागपत से पारस जैन की रिपोर्ट)
Latest Crime News