A
  1. Hindi News
  2. क्राइम
  3. दिल्ली में 16 साल के लड़के की चाकू मारकर हत्या, पुलिस ने 2 नाबालिगों को पकड़ा

दिल्ली में 16 साल के लड़के की चाकू मारकर हत्या, पुलिस ने 2 नाबालिगों को पकड़ा

दिल्ली के आनंद पर्वत इलाके में 16 साल के लड़के की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने इस घटना के सिलसिले में दो नाबालिगों को पकड़ा है, जिनकी उम्र 14 और 15 साल है।

Delhi, 16-year-old boy murder, knife attack, minors held- India TV Hindi
Image Source : PTI REPRESENTATIONAL दिल्ली में 16 साल के एक लड़के का मर्डर हो गया है।

नई दिल्ली: सेंट्रल दिल्ली में स्थित आनंद पर्वत इलाके में 16 साल के एक लड़के की कथित तौर पर चाकू मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने इस मामले में दो नाबालिग लड़कों को पकड़ा है, जिनकी उम्र 14 और 15 साल है। दोनों को गुरुवार को पकड़ा गया और उनके पास से हत्या में इस्तेमाल चाकू भी बरामद कर लिया गया। पुलिस को 2 जून को एक PCR कॉल मिली थी, जिसमें तालीवालान बस्ती के पास दुर्गा मंदिर के नजदीक एक लड़के के बेहोश और खून से लथपथ होने की खबर थी। डिप्टी कमिश्नर ऑफ पुलिस (सेंट्रल) निधिन वाल्सन ने बताया कि पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और घायल लड़के को RML अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

'अज्ञात लड़कों ने पीछे से हमला करके मारा था चाकू'

एक चश्मदीद ने पुलिस को बताया कि वह और मृतक लड़का घर लौट रहे थे, तभी 2 अज्ञात लड़कों ने पीछे से हमला किया और 16 साल के लड़के पर चाकू से वार करके फरार हो गए। पुलिस ने BNS की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। गुरुवार को मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने दोनों नाबालिगों को जीवान माला अस्पताल के पास से पकड़ा। पूछताछ में दोनों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने उनके बताए स्थान से पास के एक पार्क से खून से सना चाकू भी बरामद किया। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि इस हमले के पीछे का मकसद क्या था।

बुराड़ी में भी एक नाबालिग की ऐसे ही हुई थी हत्या

बता दें कि पिछले महीने ही दिल्ली के बुराड़ी इलाके में 16 साल के एक लड़के की दिनदहाड़े चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस के मुताबिक, बुराड़ी के गांधी चौक पर पिंकी कॉलोनी के पास लड़के के सीने में चाकू घोंपा गया था। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि पुलिस मौके पर पहुंची और घायल की पहचान भलस्वा निवासी 16 वर्षीय लड़के के रूप में की। उन्होंने बताया कि लड़के को पास के अस्पताल ले जाया गया जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने बताया था कि पीड़ित अपने दोस्त के साथ घर लौट रहा था, तभी दो हमलावरों ने उन्हें गांधी चौक के पास रोक लिया। उन्होंने बताया कि हमलावरों ने कथित तौर पर उसके सीने में कई बार चाकू घोंपा और मौके से फरार हो गए। (PTI)

Latest Crime News