1. Hindi News
  2. क्राइम
  3. माता बनी कुमाता! दूसरे पति के संग मिलकर 5 साल के मासूम की गला घोंटकर ली जान

माता बनी कुमाता! दूसरे पति के संग मिलकर 5 साल के मासूम की गला घोंटकर ली जान

जौनपुर जिले के मीरगंज थाना क्षेत्र में एक मां ने दूसरे पति के साथ मिलिकर अपने पांच साल के मासूम की जान ले ली। दोनों आरोपियों को अरेस्ट कर लिया गया है।

प्रतीकात्मक फोटो- India TV Hindi
Image Source : FILE प्रतीकात्मक फोटो

उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले से रोंगटे खड़े कर देने वाली खबर सामने आई है। यहां एक पांच साल के मासूम की उसकी मां और सौतेले पिता ने कथित तौर पर गला घोंटकर हत्या कर दी। घटना जौनपुर जिले के मीरगंज थाना क्षेत्र की है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पूछताछ के दौरान कथित तौर पर अपराध कबूल करने के बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। बच्चे के सगे पिता अजीज ने अपनी पूर्व पत्नी रेशमा और उसके दूसरे पति अतीक पर बच्चे की हत्या का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई है। 

अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) आतिश कुमार सिंह ने बताया कि रेशमा की पहली शादी प्रतापगढ़ जिले के चितईपुर निवासी अजीज से हुई थी, लेकिन वैवाहिक कलह के कारण दोनों का तलाक हो गया। इसके बाद रेशमा ने जगदीशपुर के अतीक से शादी कर ली। सिंह का कहना है कि दंपति (रेशमा और अतीक) गोधना में किराये के मकान में रह रहे थे।

गले पर थे चोट के निशान

सोमवार सुबह रेशमा कथित तौर पर बच्चे के शव को अपने मायके बरवा ले गई। बच्चे की मौत की सूचना मिलते ही अजीज ने पुलिस को खबर कर दी, जिसके बाद मीरगंज के थाना प्रभारी विनोद कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में ले लिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने बताया कि बच्चे के गले पर चोट के निशान थे, जिससे यह संदेह है कि उसकी गला घोंटकर हत्या की गई है। 

इसलिए ले ली मासूम की जान 

अपर पुलिस अधीक्षक ने कहा कि पूछताछ में रेशमा ने कबूल किया कि उसने अतीक के साथ मिलकर बच्चे की गला घोंटकर हत्या की है। रेशमा ने पुलिस को बताया कि उसने यह कदम इसलिए उठाया क्योंकि अजीज बच्चे को लेना चाहता था। (इनपुट पीटीआई)

Latest Crime News