A
Hindi News क्राइम दिल दहला देने वाली वारदात, 7 महीने के मासूम भांजे को मामी ने पानी में डुबोकर मारा

दिल दहला देने वाली वारदात, 7 महीने के मासूम भांजे को मामी ने पानी में डुबोकर मारा

आसनसोल में एक 7 महीने के बच्चे का शव घर के पानी के टैंक में मिला है। बताया जा रहा है कि बच्चे की हत्या उसकी मामी ने ही की है। पुलिस ने तीन लोगों को हिरासत में लिया है।

7 महीने के बच्चे की हत्या- India TV Hindi Image Source : REPORTER 7 महीने के बच्चे की हत्या

पश्चिम बंगाल के आसनसोल कुलटी थाना अंतर्गत बराकर के बालतोड़िया वार्ड संख्या 66 में शुक्रवार तड़के एक 7 महीने के मासूम बच्चे का शव घर के पानी के टैंक से बरामद किया गया। परिजनों ने बच्चे की सगी मामी पर उसे पानी में डुबोकर मारने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामले में तीन लोगों को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, मृतक बच्चा इस्माइल अंसारी का नाती था। इस्माइल अंसारी अपनी पत्नी गुलशन आरा, बेटे शाहनवाज अंसारी की पत्नी सानिया प्रवीण और अन्य परिवारजनों के साथ रहते हैं। शाहनवाज अंसारी फिलहाल बेंगलुरु में कार्यरत हैं। सानिया की एक 10 महीने की बेटी भी है।

बताया जा रहा है कि इस्माइल अंसारी की बेटी मुस्कान खातून की शादी बलतोड़िया निवासी मुस्तफा अंसारी से हुई है। मुस्तफा पेशे से ड्राइवर है और काम के सिलसिले में बिहार के जमुई गया हुआ था। इस दौरान मुस्कान अपने 7 महीने के बेटे के साथ मायके में रह रही थी।

नाना-नानी के स्नेह को लेकर घर में तनाव?

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, नाना-नानी अपने नाती पर अत्यधिक स्नेह जताते थे, जिसे लेकर परिवार में कथित तौर पर तनाव का माहौल बन गया था। आरोप है कि इसी बात से नाराज होकर सानिया प्रवीण ने तड़के सुबह बच्चे को सोते समय उठाया और घर के पानी के टैंक में डुबो दिया।

सुबह पानी लेने पहुंचे तो दिखा शव

परिजनों के मुताबिक, सुबह रोजा खोलने और नमाज की तैयारी के लिए इस्माइल अंसारी जब पानी लेने टैंक के पास पहुंचे, तब उन्होंने बच्चे को पानी में डूबा देखा। उन्होंने तुरंत बच्चे को बाहर निकाला और परिजनों को सूचना दी। बच्चे की हालत देख मां मुस्कान बेसुध हो गई और रोते हुए सानिया पर हत्या का आरोप लगाया।

हिरासत में 3, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

घटना की सूचना मिलते ही बराकर पुलिस फाड़ी की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल भेज दिया, जहां पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पुलिस ने पूछताछ के लिए सानिया प्रवीण, नाना इस्माइल अंसारी और नानी गुलशन आरा को हिरासत में लिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पूछताछ के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले की जांच जारी है।

(रिपोर्टर- संतोष कुमार मंडल)

ये भी पढ़ें-

Ranchi-Mango (Jamshedpur) Municipal Corporation Election Result LIVE: रांची और जमशेदपुर समेत 48 निकायों की मतगणना आज, यहां पढ़ें पल-पल के अपडेट्स

JNU हिंसा के सबूत बने वीडियो, पुलिस को थप्पड़ मारते, उकसाते नजर आए छात्र; JNUSU अध्यक्ष समेत 14 गिरफ्तार

Latest Crime News