A
  1. Hindi News
  2. क्राइम
  3. बहराइच: भाई की हत्या कर भाभी को बनाया पत्नी, दो बेटियां भी कीं, फिर सभी को नदी में फेंका

बहराइच: भाई की हत्या कर भाभी को बनाया पत्नी, दो बेटियां भी कीं, फिर सभी को नदी में फेंका

आरोपी ने पहले अपने भाई की हत्या कराई। इसके बाद भाभी को ही पत्नी के रूप में रख लिया। उसके साथ दो बेटियां भी हुईं। अंत में उसने अपनी तीनों बेटियों और पत्नी को नदी में फेंक दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

Murder accused- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT हत्या के आरोपी

यूपी के बहराइच से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक व्यक्ति ने अपनी ही तीन बेटियों और पत्नी को हत्या के इरादे से नदी में फेंक दिया। पुलिस ने लड़कियों और महिला के कपड़े बरामद कर लिए हैं, लेकिन उनके शव नहीं मिले हैं। दो दिन पहले आरोपी की सास ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई कि आरोपी ने अपनी पत्नी और उसकी तीन बच्चियों को गायब कर दिया है। सूचना पर पुलिस ने जब मोतीपुर थाने के रहने वाले अनिरुद्ध कुमार को गिरफ्तार कर कड़ाई से पूछताछ की तो पुलिस के भी होश उड़ गए। 

अनिरुद्ध ने बताया कि उसने कुछ साल पहले अपने भाई की हत्या कराई थी। हत्या के मामले में भाभी गवाह थी, इसीलिए उससे शादी करके गवाही ना देने का उस पर दबाव बना रहे थे। हालांकि, वह टाल मटोल कर रही थी, इसलिए उसको और उसके साथ तीन मासूम बेटियों को उसने खीरी जनपद ले जाकर शारदा नदी में फेंक दिया और फरार हो गया। फिलहाल पुलिस ने अनिरुद्ध पर हत्या का मामला दर्ज करते हुए महिला और उसकी तीनों बच्चियों के शवों की खोजबीन शुरू कर दी है।

14 अगस्त से पत्नी को लाया था आरोपी

भाई की हत्या के मामले में आरोपी युवक 14 अगस्त को ससुराल में रह रही पत्नी और तीन बेटियों को वापस लाया था। युवक की सास को पता चला कि उसकी बेटी और नातिने घर पर नहीं पहुंची हैं। उन्होंने मंगलवार देर रात उनके गायब किए जाने की रिपोर्ट दर्ज कराई। भाई की हत्या के आरोपी के मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने सरगर्मी से तलाश की। आरोपी धरा गया तो पता चला कि उसने पत्नी और तीनों बेटियों को लखीमपुर में शारदा नदी में धक्का दे हत्या कर दी। यह सभी पूर्व में हुई आरोपी के भाई की हत्या की चश्मदीद गवाह थी। आरोपी की निशानदेही पर मृतक पत्नी और बेटियों के कपड़े और एक बेटी की छोटी जूती के साथ हत्या में प्रयुक्त बाइक भी बरामद की है।

रास्ते में कर दी हत्या

एएसपी ग्रामीण दुर्गा प्रसाद तिवारी ने बताया कि मोतीपुर थाने में मंगलवार देर शाम चौधरी गांव के रहने वाली रम्पता देवी ने शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि उनकी बेटी सुमन को उसका पति 14 अगस्त को बाइक से अपने साथ ले आया था। सुमन के साथ उसकी तीन बेटियां नंदनी, अंशिका, लाडो भी थीं। हालांकि, बेटी और नातिनें ससुराल नहीं पहुंची। सुमन दामाद के बड़े भाई की हत्या की चश्मदीद गवाह है। पुलिस ने टीम गठित कर दबिश शुरू की। इसके बाद गायघाट पुल से अनिरुद्ध धर दबोचा गया। 

पुलिस ने बरामद किए कपड़े

कड़ाई से की गई पूछताछ में आरोपी ने बताया कि 14 अगस्त को एक साथी की मदद से उसने पत्नी और तीनों बेटियों को लखीमपुर जिले के खम्हरिया ले जाकर चारों को शारदा नदी में धक्का देकर हत्या कर दी। पुलिस आरोपी को घटना स्थल पर ले गई। वहां झाड़ियों में छिपाए गए मां बेटियो के कपड़े, एक बेटी की छोटी जूती बरामद हुई है। पुलिस ने वह बाइक भी बरामद की है, जिससे वह चारों को अपने ससुराल से लेकर आया था।

(बहराइच से बच्चे भारती की रिपोर्ट)

Latest Crime News