1. Hindi News
  2. क्राइम
  3. बलिया में मोटरसाइकिल सवार बदमाशों ने प्रधानाध्यापक को मारी गोली, चेन छीनकर हुए फरार

बलिया में मोटरसाइकिल सवार बदमाशों ने प्रधानाध्यापक को मारी गोली, चेन छीनकर हुए फरार

बलिया में बाइक सवार बदमाशों ने प्रधानाध्यापक देवेंद्र यादव की गोली मारकर हत्या कर दी। उन्होंने सहायक शिक्षिका कंचन सिंह के साथ लूट का विरोध किया था, जिससे बदमाश भड़क गए।

Ballia motorcycle borne miscreants shot the headmaster snatched his chain and fled- India TV Hindi
Image Source : INDIA TV प्रतीकात्मक तस्वीर

बलिया जिले में मोटरसाइकिल सवार तीन बदमाशों ने सरकारी विद्यालय से अपने घर लौट रहे प्रधानाध्यापक को कथित तौर पर गोली मार दी जिससे उनकी मौत हो गई। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि इस घटना में एक सहायक शिक्षिका भी घायल हो गई। उसके अनुसार, जिले के उभांव थाना क्षेत्र के बिल्थरारोड कस्बे के यादव नगर निवासी देवेंद्र यादव (57) मंगलवार को देवरिया जिले के सरकारी कंपोजिट विद्यालय में आयोजित एक संकुल बैठक में शामिल होने के बाद उसी स्कूल की सहायक अध्यापिका कंचन सिंह के साथ मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे। तभी साहुनपुर गांव के समीप मोटरसाइकिल सवार तीन अपराधियों ने उनकी सोने की चेन छीन ली। 

अपराधियों ने प्रधानाध्यापक को मारी गोली

पुलिस ने बताया कि विरोध करने पर अपराधियों ने देवेंद्र यादव को गोली मार दी। उसने बताया कि इस घटना में देवेंद्र यादव और बिल्थरारोड के बीबीपुर मोहल्ले की निवासी कंचन सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए और दोनों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने देवेंद्र यादव की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें बलिया रेफर कर दिया। पुलिस ने बताया कि बलिया से यादव को मऊ और फिर वाराणसी के ट्रामा सेंटर भेजा गया। वाराणसी ले जाते समय मंगलवार देर शाम देवेंद्र यादव की मौत हो गई। पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने बताया कि इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच के लिए पुलिस की चार टीम गठित की गई हैं। 

सड़क हादसे में पुलिसकर्मी की मौत

बता दें कि एक दूसरे मामले में बलिया के रसड़ा कोतवाली क्षेत्र में दो मोटरसाइकिल की आमने-सामने की टक्कर में एक पुलिसकर्मी की मौत हो गई। पुलिस के एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी। रसड़ा क्षेत्र के पुलिस उपाधीक्षक आलोक गुप्ता ने बताया कि उनके कार्यालय में कार्यरत आरक्षी राहुल कुमार यादव (28) मंगलवार रात करीब साढ़े 10 बजे कहीं जा रहे थे तभी रसड़ा रेलवे फाटक के पास उनकी मोटरसाइकिल की टक्कर सामने से आ रही अन्य मोटरसाइकिल से हो गई। उन्होंने बताया कि इस हादसे में राहुल गंभीर रूप से घायल हो गए और उन्हें तुरंत स्थानीय सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आजमगढ़ जनपद के मूल निवासी राहुल कुमार यादव वर्ष 2018 में उत्तर प्रदेश पुलिस में आरक्षी पद पर नियुक्त हुए थे। वर्तमान में उनकी तैनाती क्षेत्राधिकारी कार्यालय रसड़ा (बलिया) में पैरोकार के पद पर थी। 

(इनपुट-भाषा)

Latest Crime News