1. Hindi News
  2. क्राइम
  3. धार्मिक स्थल में हैवानियत की सीमा पार! 11 साल की बच्ची से रेप, पुजारी गिरफ्तार

धार्मिक स्थल में हैवानियत की सीमा पार! 11 साल की बच्ची से रेप, पुजारी गिरफ्तार

पीड़ित बच्ची दोपहर की पूजा और भोजन करने के बाद आराम कर रही थी। इसी दौरान यह घटना घटी। पुलिस ने आरोपी पुजारी को गिरफ्तार कर लिया है और जांच शुरू कर दी है। लड़की का मेडिकल टेस्ट अब तक नहीं हुआ है।

Representative Image- India TV Hindi
Image Source : FILE PHOTO प्रतीकात्मक तस्वीर

ओडिशा के संबलपुर जिले के जमनकिरा इलाके में एक चौंकाने वाली घटना घटी है। यहां एक 45 साल के धार्मिक स्थल के पुजारी पर 11 साल की बच्ची से धार्मिक स्थल परिसर के अंदर ही रेप करने का आरोप लगा है। यह कथित घटना रविवार को हुई, जिसके बाद से पूरे इलाके में गुस्सा और चिंता का माहौल है।

पीड़िता के परिवार के शिकायत के मुताबिक, यह घिनौना अपराध तब हुआ जब बच्ची अपने पिता के साथ रोजाना की पूजा-अर्चना में मदद करने धार्मिक स्थल गई थी। घटना के दिन भी धार्मिक स्थल के मुख्य पुजारी मौजूद नहीं थे, जिसके कारण धार्मिक स्थल समिति ने एक अन्य पुजारी को अस्थायी रूप से नियुक्त किया था। आरोपी, जिसकी उम्र लगभग 45 साल है, मुख्य पुजारी के नामौजूदगी में धार्मिक स्थल में पूजा कर रहा था।

आरोपी पुजारी गिरफ्तार

जानकरी के अनुसार, बच्ची अपने पिता के साथ पूजा और रोजाना के चढ़ावे में मदद करने के लिए धार्मिक स्थल गई थी। दोपहर की पूजा और भोजन के बाद, जब बच्ची भोग-घर यानी भोग चढ़ाने वाले कमरे के पास आराम कर रही थी, तभी पुजारी ने मौके का फायदा उठाया और बच्ची का यौन उत्पीड़न किया। पीड़िता के परिवार द्वारा शिकायत दर्ज कराने के बाद, जमनकिरा पुलिस ने आरोपी पुजारी को गिरफ्तार कर लिया है और जांच शुरू कर दी है। नाबालिग का मेडिकल परीक्षण निर्धारित किया गया है, और आगे की जानकारी के लिए आरोपी से पूछताछ की जा रही है।

आरोपी को कड़ी सजा देने की मांग

इस घटना ने स्थानीय लोगों को स्तब्ध कर दिया है, खासकर इसलिए क्योंकि यह अपराध एक ऐसे व्यक्ति द्वारा पूजा स्थल के अंदर किया गया, जिससे नैतिक मूल्यों को बनाए रखने की उम्मीद की जाती है। स्थानीय लोग और परिजन आरोपी के लिए कड़ी से कड़ी सजा की आशा कर रहे हैं।

(ओडिशा से शुभम कुमार की रिपोर्ट)

Latest Crime News