1. Hindi News
  2. क्राइम
  3. दिल्ली के राजौरी गार्डन में पानी की टंकी में मिला शव, पुराने एमसीडी कार्यालय में हड़कंप

दिल्ली के राजौरी गार्डन में पानी की टंकी में मिला शव, पुराने एमसीडी कार्यालय में हड़कंप

दिल्ली पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस यह पता करने में जुटी है कि यह मौत हादसे में हुई है या हत्या की गई है। क्राइम टीम और एफएसएल टीम मौके पर जांच कर रही है।

dead body- India TV Hindi
Image Source : FREEPIK प्रतीकात्मक तस्वीर

दिल्ली के राजौरी गार्डन में पानी की टंकी में एक व्यक्ति का शव मिलने से हड़कंप मचा हुआ है। दिल्ली पुलिस हादसा और हत्या के एंगल से जांच में जुट गई है। दिल्ली पुलिस के मुताबिक पांच सितंबर को दोपहर लगभग 3 बजे राजौरी गार्डन में एक शव होने की सूचना मिली। कॉल मिलने पर थाना राजौरी गार्डन का स्टाफ, क्राइम टीम और एफएसएल के साथ मौके पर पहुंचे। जांच के दौरान पुरुष शव की पहचान रघुबीर नगर निवासी एक व्यक्ति के रूप में हुई।

शव विशाल एन्क्लेव के पास पुराने एमसीडी कार्यालय में पानी की टंकी में पड़ा हुआ था। क्राइम टीम और एफएसएल द्वारा जांच के बाद, शव को आगे की मेडिकल जांच के लिए डीडीयू अस्पताल के शवगृह भेज दिया गया। इस संबंध में मामला दर्ज कर आगे की जांच जारी है।

पुलिस का बयान

एक अधिकारी ने बताया कि दिल्ली पुलिस ने शुक्रवार दोपहर पश्चिम दिल्ली के राजौरी गार्डन में पुराने एमसीडी ऑफिस के पानी के टैंक से एक व्यक्ति का शव बरामद किया। लगभग 3:15 बजे पीसीआर को विशाल एन्क्लेव के पास शव होने की सूचना मिली, जिसके बाद राजौरी गार्डन पुलिस स्टेशन की टीम, जिला क्राइम टीम और फोरेंसिक विशेषज्ञों के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारी ने कहा, "मृतक की पहचान रघुबीर नगर का रहने वाला बताया गया है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए दीन दयाल उपाध्याय अस्पताल की मोर्चरी में ले जाने से पहले क्राइम टीम और एफएसएल यूनिट ने मौके पर ही जांच की।"

सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस

पुलिस ने कहा कि वह अभी यह पता नहीं लगा पाई है कि व्यक्ति पानी के टैंक में कैसे पहुंचा। मामला दर्ज किया जा रहा है और आगे की जांच जारी है। अधिकारियों ने कहा कि वे मामले से जुड़ी घटनाओं की जांच कर रहे हैं और यह पता लगा रहे हैं कि इसमें कोई गड़बड़ी तो नहीं हुई। उन्होंने कहा कि स्थानीय पुलिस इलाके में सीसीटीवी फुटेज की भी जांच कर रही है और आस-पास के लोगों और ऑफिस स्टाफ से पूछताछ कर रही है। मौत का सही कारण जानने के लिए पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार है।

Latest Crime News