A
  1. Hindi News
  2. क्राइम
  3. धनबाद स्टेशन पर छूटी युवती, मेड का काम दिलाने के बहाने कमरे में ले गया आरोपी, चीखें सुनकर पड़ोसियों ने बचाया

धनबाद स्टेशन पर छूटी युवती, मेड का काम दिलाने के बहाने कमरे में ले गया आरोपी, चीखें सुनकर पड़ोसियों ने बचाया

पीड़िता फ्लैट में सफाई कर रही थी। इसी दौरान आरोपी ने उसके साथ छेड़खानी शुरू कर दी और दुष्कर्म करने का प्रयास किया। पीड़िता ने विरोध किया तो शराब पिलाने की कोशिश की। अंत में पड़ोसी घर आ गए तो पीड़िता को बचाया गया।

Accused- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT अश्लील हरकतें करने वाला आरोपी

झारखंड के धनबाद में स्टेशन पर फंसी असम की युवती के साथ काम दिलाने के बहाने दुष्कर्म की कोशिश की गई। घटना धनबाद की सबसे हाई‑प्रोफाइल सोसाइटी के फ्लैट में हुई। आरोपी साफ सफाई कराने के बहाने लड़की को फ्लैट पर ले गया था। वहां उसके साथ अश्लील हरकतें की गईं और दुष्कर्म का प्रयास किया गया। हंगामे के बाद स्थानीय लोगों ने एक आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। घटना के दौरान कमरे में शराब की बोतलें भी बरामद हुईं। फरार साथी की तलाश जारी है।

जानकारी के मुताबिक, पीड़िता अपनी सहेलियों के साथ मुंबई जा रही थी, लेकिन धनबाद स्टेशन पर उसकी ट्रेन छूट गई। स्टेशन के आसपास दो दिन तक भटकने के बाद उसकी मुलाकात स्टेशन नजदीक काम करने वाले राजू साव से हुई। आरोप है कि राजू ने उसे घरेलू काम दिलाने का भरोसा दे कर गोविंदपुर के आपणो घर सोसाइटी स्थित एक फ्लैट में भेज दिया। पीड़िता कहती है कि वह फ्लैट में साफ‑सफाई का काम कर रही थी, जब फ्लैट मालिक ने उसके साथ छेड़खानी की और जबरदस्ती संबंध बनाने का प्रयास किया। विरोध करने पर उसे शराब पिलाने की भी कोशिश की गई।

Image Source : Reporter inputपुलिसकर्मियों के साथ पीड़ित युवती

पड़ोसियों ने आरोपी को पकड़ा

पीड़िता के चीखने‑चिल्लाने पर सोसाइटी के लोग और स्थानीय निवासी मौके पर जमा हो गए। लोगों ने तुरंत कार्रवाई कर राजू साव को पकड़ लिया, जबकि उसका एक साथी मौके से भाग निकला। सूचना पर गोविंदपुर थाना की पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और फ्लैट की तलाशी ली, जहां शराब की खाली बोतलें व आपत्तिजनक सामान बरामद किए गए। पुलिस ने युवती की शिकायत पर राजू साव को हिरासत में लिया है और फरार आरोपी की तलाश तेज कर दी है।

बयान देने की स्थिति में नहीं है पीड़िता

पुलिस अधिकारी ने बताया कि पीड़िता शारीरिक और मानसिक रूप से काफी परेशान है, इसलिए उसका विस्तृत बयान अभी दर्ज नहीं हो सका। साथ ही पीड़िता का मोबाइल फोन खो जाने के कारण उसके परिजनों से संपर्क नहीं हो पा रहा है। पुलिस ने कहा कि पीड़िता का मेडिकल परीक्षण और विस्तृत बयान दर्ज करते ही आगे कानूनी कार्रवाई की जाएगी और आरोपियों के खिलाफ आवश्यक धाराएं लगाई जाएंगी।

घटना से स्थानीय लोग चिंतित

स्थानीय निवासियों ने घटना को लेकर गहरी चिंता व्यक्त की और कहा कि सोसाइटी में सुरक्षा की कमियों का शोर उठेगा। समाजसेवी तथा पड़ोसी फिलहाल पीड़िता की सहायता के लिए जुट गए हैं और उनकी प्राथमिकी दर्ज कराने में पुलिस का सहयोग कर रहे हैं।

(धनबाद से कुंदन सिंह की रिपोर्ट)

यह भी पढ़ें-

रामगढ़ में मौत की काली सुरंग: अवैध कोयला खदान में फंसे थे 2 मजदूर, 2 बचाने गए, कोई भी जिंदा नहीं लौटा

2 बेटों की मौत का सदमा न सह सका पिता, कर ली खुदकुशी; रेलवे ट्रैक के पास मिला शव

Latest Crime News