इंदौर के राऊ से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली सनसनीखेज हत्या का खुलासा हुआ है। राखी के दिन देवरानी ने जेठानी के भाई को लेकर ऐसा कमेंट किया कि विवाद खूनी हो गया। आरोप है कि जेठानी ने अपनी ही देवरानी की गर्दन पर चाकू से वार कर उसकी हत्या कर दी और शव को घर के बाहर बने पानी के हौज में फेंक दिया। हत्या के बाद आरोपी अस्पताल में भर्ती अपने पति को देखने भी पहुंच गई। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए आरोपी पार्वती बाई कुशवाह को गिरफ्तार कर लिया है।
जेठानी ने कर दी देवरानी की हत्या
इंदौर में रक्षाबंधन के दिन एक परिवार में रिश्तों का कत्ल हो गया। राऊ थाना क्षेत्र के नेहरू नगर में वंदना की हत्या उसी की जेठानी पार्वती बाई कुशवाह ने कर दी। पुलिस के मुताबिक, वंदना ने 11 अगस्त को मंदिर में उपेंद्र के साथ लव मैरिज की थी। परिवार इस रिश्ते से खुश नहीं था। वंदना की नशे की आदत को लेकर भी परिवार में नाराजगी थी। इसके बाद उपेंद्र नेहरू नगर छोड़कर राजनगर में किराए से रहने लगा था। वंदना के अचानक गायब होने पर चंदन नगर थाने में गुमशुदगी भी दर्ज कराई गई थी। लेकिन रक्षाबंधन के दिन दोनों के बीच हुआ एक विवाद इस रिश्ते के खौफनाक अंत की वजह बन गया।
देवरानी ने जेठानी के भाई का उड़ाया था मजाक
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि पार्वती का भाई दमोह जेल में दुष्कर्म के मामले में बंद है। आरोप है कि राखी के दिन वंदना ने पार्वती के भाई को लेकर कमेंट कर दिया। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई और विवाद बढ़ता चला गया। घटना के वक्त पार्वती के बच्चे स्कूल गए हुए थे और उसका पति और देवर अस्पताल में थे। घर में पार्वती और वंदना ही मौजूद थीं। इसी दौरान दोनों के बीच विवाद इतना बढ़ा कि पार्वती ने चाकू से वंदना की गर्दन पर दो वार कर दिए, जिसमें वंदना की मौत हो गई। लेकिन हत्या के बाद कहानी यहीं खत्म नहीं हुई।
देवरानी की हत्या कर शव हौज में फेंका
पुलिस के मुताबिक, पार्वती ने देवरानी के शव को घर के बाहर बने पानी के हौज तक खींचकर पहुंचाया और शव को हौज में फेंक दिया। इसके बाद आरोपी ने ऐसा बर्ताव किया कि जैसे कुछ हुआ ही नहीं। हत्या के बाद पार्वती अस्पताल पहुंची, जहां उसका पति भर्ती था और वहां उसने पति से मुलाकात की। इधर वंदना की तलाश चल रही थी और उधर हत्या की आरोपी सामान्य तरीके से लोगों के बीच मौजूद थी। मामले की जांच में पुलिस ने आसपास के CCTV फुटेज खंगाले। फुटेज में पार्वती की गतिविधियां पुलिस के लिए अहम सुराग बनीं। इसके बाद पुलिस ने पार्वती से पूछताछ शुरू की।
पुलिस ने किया हत्या का खुलासा
शुरुआत में आरोपी पुलिस को गुमराह करती रही, लेकिन पुलिस की पूछताछ आगे बढ़ी तो वह टूट गई। पुलिस के मुताबिक, जब उसे बताया गया कि वारदात में इस्तेमाल चाकू पर फिंगरप्रिंट मिल चुके हैं और अब बचने की कोई गुंजाइश नहीं है तो पार्वती ने हत्या की बात कबूल कर ली। पुलिस ने आरोपी पार्वती बाई कुशवाह को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं मृतका वंदना के शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया गया।
(इंदौर से भरत पाटिल की रिपोर्ट)
ये भी पढ़ें:
गाजियाबाद में दो लड़कों और एक युवक ने लड़की का अपहरण कर की हैवानियत, केस दर्ज
Latest Crime News