1. Hindi News
  2. क्राइम
  3. लड़की से फोन पर प्यार का इजहार करना पड़ा महंगा, युवक को खंभे से बांधकर इतना पीटा कि हो गई मौत

लड़की से फोन पर प्यार का इजहार करना पड़ा महंगा, युवक को खंभे से बांधकर इतना पीटा कि हो गई मौत

ओडिशा के बालासोर में एक लड़की से प्यार का इजहार करना एक युवक को इतना महंगा पड़ गया कि उसकी पीट-पीटकर हत्या कर दी गई।

Odisha- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT युवक की खंभे से बांधकर पिटाई, हुई मौत

बालासोर: ओडिशा के बालासोर जिले से एक बेहद दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक साधारण प्रेम प्रस्ताव ने एक युवक की जान ले ली। यह मामला सिमुलिया थाना क्षेत्र का है, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है।

जानकारी के मुताबिक, पुरुषोत्तमपुर पंचायत के रहने वाले सुभाष सुतार ने कंचपाड़ा पंचायत के अंतर्गत आने वाले बीरब्रह्मपुर गांव की एक लड़की को फोन पर प्रेम प्रस्ताव दिया था। यह बात जब लड़की के पिता भगवान कर को पता चली, तो मामले ने अचानक गंभीर मोड़ ले गया।

बताया जा रहा है कि लड़की के पिता भगवान कर ने युवक सुभाष को किसी तरह अपने पास बुलाया और फिर उसे एक वाहन में बैठाकर बीरब्रह्मपुर गांव ले आए। इसके बाद जो हुआ, वह बेहद क्रूर और अमानवीय था।

खंभे से बांधकर पीटा

आरोप है कि सुभाष को गांव के आंगनवाड़ी केंद्र, जो कि बीरब्रह्मपुर स्कूल परिसर में स्थित है, वहां एक खंभे से बांध दिया गया। इसके बाद उसकी बेरहमी से पिटाई की गई। इस दौरान उसे गंभीर चोटें आईं और उसकी हालत बेहद नाजुक हो गई।

घटना की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय लोगों की मदद से सुभाष को वहां से छुड़ाया गया और तुरंत सिमुलिया अस्पताल ले जाया गया। लेकिन उसकी हालत लगातार बिगड़ती गई, जिसके चलते उसे भद्रक अस्पताल रेफर किया गया।

भद्रक अस्पताल पहुंचने के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद पूरे इलाके में गुस्सा और डर का माहौल है।

पुलिस का बयान सामने आया

सिमुलिया थाने के प्रभारी देवराज जेना ने कहा, "मृत युवक के जीजा जी ने आज सुबह हत्या की शिकायत दर्ज कराई है। एक तरफ प्यार और प्रस्ताव को लेकर लड़की के पिता और उनके परिजनों के खिलाफ हत्या की शिकायत दर्ज हो चुकी है। मामले की जांच जारी है और जल्द ही एक्शन ले लिया जाएगा। "

मामले को लेकर सिमुलिया थाना में शिकायत दर्ज कराई गई है। पुलिस ने इस मामले में एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है और पूरे मामले की जांच जारी है। (रिपोर्ट- ओडिशा से शुभम कुमार)

Latest Crime News