A
  1. Hindi News
  2. क्राइम
  3. BJP के इस नेता के खिलाफ रेप की कोशिश और धमकी के मामले में FIR दर्ज

BJP के इस नेता के खिलाफ रेप की कोशिश और धमकी के मामले में FIR दर्ज

बैरिया के पुलिस उपाधीक्षक अशोक कुमार मिश्र ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज करके विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

बलिया में BJP के एक नेता के खिलाफ रेप की कोशिश और धमकी देने के मामले में FIR दर्ज- India TV Hindi
Image Source : INDIA TV बलिया में BJP के एक नेता के खिलाफ रेप की कोशिश और धमकी देने के मामले में FIR दर्ज

Highlights

  • 26 वर्षीय युवती ने लगाए आरोप
  • 9 दिसंबर की रात को घर में घुसा नेता
  • रेप का प्रयास किया और धमकी दी

बलिया (उत्तर प्रदेश): बलिया में भाजपा पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के जिला महामंत्री के खिलाफ एक युवती के घर में घुसकर बलात्कार का प्रयास करने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस सूत्रों ने शनिवार को बताया कि दोकटी थानाक्षेत्र की रहने वाली 26 वर्षीय एक युवती की शिकायत पर शुक्रवार रात रंजीत मौर्य के खिलाफ घर में घुसकर बलात्कार की कोशिश करने और उसे जान से मारने की धमकी देने के आरोप में नामजद केस दर्ज किया गया है।

उन्होंने बताया कि रंजीत मौर्य भाजपा पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ का जिला महामंत्री है। उन्होंने कहा कि रिपोर्ट दर्ज कराने वाली युवती का आरोप है कि मौर्य गत नौ दिसम्बर को रात 10 बजे उसके घर में घुस गया और उसके साथ दुष्कर्म करने की कोशिश की तथा उसके कपड़े फाड़ दिये। सूत्रों ने बताया कि आरोपी इस घटना के पहले भी युवती के मोबाइल फोन पर अश्लील बात कर चुका है। 

बैरिया के पुलिस उपाधीक्षक अशोक कुमार मिश्र ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज करके विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। भाजपा पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष लाल बहादुर राजभर ने पुष्टि की है कि रंजीत मौर्य भाजपा पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ का जिला महामंत्री हैं। 

उन्होंने बताया कि उन्हें इस मामले की जानकारी मिली है। आरोप लगाने वाली युवती ने बताया कि मौर्य उसे भाजपा महिला प्रकोष्ठ का उपाध्यक्ष बनाने का प्रलोभन दे रहा था। युवती ने साथ ही यह भी कहा कि वह उससे उसके तथा भाजपा के एक अन्य नेता के साथ रहने की बात कहते थे। 

भाजपा के बैरिया क्षेत्र के विधायक सुरेंद्र सिंह ने आरोपी भाजपा नेता की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है। उन्होंने पुलिस पर आरोप लगाया है कि युवती की शिकायत पर पुलिस ने पहले मामला दर्ज करने से आनाकानी की थी। 

उन्होंने कहा कि इसके बाद कल युवती अपनी माँ सहित उनसे मिली तथा उन्हें घटना की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि उनके हस्तक्षेप पर मामला दर्ज किया गया।

Latest Crime News