1. Hindi News
  2. क्राइम
  3. पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर पति का गला रेता, शव को कुएं में फेंका, 7 दिन बाद गली हुई हालत में मिली डेडबॉडी

पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर पति का गला रेता, शव को कुएं में फेंका, 7 दिन बाद गली हुई हालत में मिली डेडबॉडी

बिहार के हाजीपुर में पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर पति का गला रेतकर हत्या कर दी है। पति का शव 7 दिन बाद कुएं से बरामद किया गया है। आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

Hajipur- India TV Hindi
Image Source : INDIA TV आरोपी पत्नी और मृत पति की फोटो

हाजीपुर: बिहार के हाजीपुर से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या कर दी और शव को कुएं में फेंक दिया। यही नहीं, शातिर पत्नी ने 2 दिनों तक ससुराल वालों को गुमराह भी किया और पुलिस में गुमशुदगी का झूठा मुकदमा दर्ज कराया। हालांकि पुलिस ने 7 दिन बाद पति का शव कुएं से बरामद कर लिया। पुलिस ने आरोपी पत्नी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है।

क्या है पूरा मामला?

मामला हाजीपुर भगवानपुर थाना क्षेत्र के ग्राम कचहरी गांव का है। यहां एक 24 साल के शख्स की गला रेतकर हत्या कर दी गई। उनका शव गांव के कुएं से बरामद किया गया। इस हत्या का आरोप मृतक की पत्नी और उसके प्रेमी पर लगा है और उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है। 

पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ जीवन जीने के लिए पति को मौत के घाट उतार दिया। मृतक शख्स की शादी 5 साल पहले ही हुई थी। लेकिन उसकी पत्नी का गांव के ही एक युवक से अफेयर हो गया और उनके बीच प्यार परवान चढ़ने लगा। एक दिन 
पत्नी और उसका प्रेमी रंगे हाथों आपत्तिजनक स्थिति में पकड़े गए, जिसके बाद महिला ने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या कर दी। इस घटना को 20 फरवरी को अंजाम दिया गया। हत्या के बाद महिला ने प्रेमी के साथ मिलकर पति के शव को गांव के सुनसान इलाके में बने कुएं में डाल दिया। 

हत्या के 48 घंटे तक पत्नी अपने ससुराल वालों को गुमराह करती रही और पुलिस थाने में झूठा गुमशुदगी का मामला दर्ज करवा दिया। लेकिन पुलिस ने जब मामले की जांच की तो पता लगा कि महिला का गांव के ही एक युवक के साथ संपर्क बना हुआ है। इसके बाद पुलिस ने महिला और उसके प्रेमी को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की तो दोनों ने हत्या का जुर्म कबूल कर लिया। 

पूछताछ में ये बात सामने आई कि महिला का गांव के युवक के साथ प्रेम-प्रसंग चल रहा था और उसका पति इसमें बीच में आ रहा था। इसके अलावा पति ने पत्नी को प्रेमी के साथ आपत्तिजनक स्थिति में भी देख लिया था। 27 फरवरी को उसके पति का शव गली हुई हालत में कुएं से मिला। (इनपुट: हाजीपुर से राजा बाबू की रिपोर्ट)

Latest Crime News