गाजियाबाद: जिले के लोनी इलाके में स्थित ट्रॉनिका सिटी थाना क्षेत्र में हार्डवेयर व्यापारी की चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी गई। व्यापारी का शव आज सुबह मंडोला गांव के पास जंगल में पड़ा मिला। व्यापारी के शव पर चाकू से वार के कई निशान मिले हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
हार्डवेयर की दुकान चलाया था कारोबारी
जानकारी के मुताबिक, मृतक की पहचान 42 वर्षीय विनोद गुप्ता पुत्र भोला गुप्ता के रूप में हुई है। वह पुस्ता चौकी के पास हार्डवेयर की दुकान चलाते थे। परिजनों के अनुसार, विनोद रविवार शाम से लापता थे। सोमवार सुबह करीब 10 बजे मंडोला के जंगल में भैंस चराने गए एक व्यक्ति ने शव पड़ा देखा और उसने पुलिस को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही ट्रॉनिका सिटी थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव पर चाकू से कई वार किए जाने के निशान देखे। चाकू गोदने के निशान मिलने से हत्या की आशंका की पुष्टि हुई है।
मामले की जांच में जुटी पुलिस
वहीं शव मिलने के बाद घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम ने निरीक्षण कर महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए। पुलिस शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया में जुट गई। घटना की जानकारी मिलने पर डीसीपी ग्रामीण सुरेंद्र नाथ तिवारी, एसीपी लोनी रामकिशन और ट्रॉनिका सिटी थाना प्रभारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस हत्या के कारणों और वारदात में शामिल आरोपियों का पता लगाने के लिए जांच कर रही है। फिलहाल हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।
दिल्ली के युवक का रोहतक में मिला शव
एक अन्य घटना रोहतक जिले से भी सामने आई, जहां दिल्ली निवासी एक युवक और उसकी लिव-इन पार्टनर की हत्या कर शव नहर में फेंक दिया गया। दोनों के शव आसौधा के पास नहर से बरामद किए गए। मृतक युवक करीब 8 महीने से अपनी महिला मित्र के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहा था। मामले में युवक के दोस्तों पर हत्या का आरोप लगा है। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर तीन दिन के रिमांड पर लिया है। (इनपुट- जुबैर अख्तर)
यह भी पढ़ें-
सालगिरह का केक काटने के बाद घर में मचा कोहराम! महिला ने 14 माह की बच्ची को फेंकने के बाद छत से लगा दी छलांग, हुई मौत
Latest Crime News