A
Hindi News क्राइम दिल्ली में मानवता फिर हुई शर्मसार, बवाना में दो साल की बच्ची से बलात्कार, आरोपी गिरफ्तार

दिल्ली में मानवता फिर हुई शर्मसार, बवाना में दो साल की बच्ची से बलात्कार, आरोपी गिरफ्तार

दिल्ली के बवाना इलाके में मानवता एक बार फिर शर्मसार हुई है। दरअसल यहां एक दो साल की बच्ची के साथ बलात्कार करने का मामला सामने आया है। दिल्ली पुलिस ने एक्शन लेते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

Humanity shamed again in Delhi two year old girl raped in Bawana accused arrested- India TV Hindi Image Source : FILE PHOTO प्रतीकात्मक तस्वीर

बाहरी उत्तरी दिल्ली के बवाना इलाके में दो साल की बच्ची से बलात्कार करने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि कथित घटना शुक्रवार को हुई और यह तब सामने आई जब काम से लौटी मां ने बच्ची को रोते हुए पाया। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि जब मां ने अपनी बड़ी बेटी से इस बारे में पूछा तो उसने बताया कि पड़ोस में रहने वाला शख्स उसकी छोटी बहन को अपने कमरे में ले गया था। अधिकारी ने कहा कि व्यक्ति ने कथित तौर पर बच्ची के साथ बलात्कार किया। अधिकारी ने बताया, "वह पीड़िता को अस्पताल ले गई, जिसने पुलिस को सूचना दी।" 

मासूम संग दुष्कर्म

उन्होंने बताया कि बवाना थाने में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि आरोपी को बलात्कार और यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण अधिनियम की धाराओं के तहत उसी दिन गिरफ्तार कर लिया गया। अधिकारी ने कहा, "अपराध की गंभीरता को देखते हुए हमने जांच तेज कर दी है और शीघ्र सुनवाई के लिए इसी सप्ताह आरोपपत्र दाखिल करेंगे।" बता दें कि बीते दिनों बवाना इलाके में ही मॉर्निंग वॉक पर निकले एक शख्स की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। मृतक का नाम दीपक बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक वह गैंगस्टर मंजीत महल का भांजा था। बवाना इलाके में दीपक अपनी बेटी के साथ मॉर्निंग वॉक पर निकला था। दोनों मॉर्निंग वॉक कर रहे थे। इसी दौरान अचानक फायरिंग होने लगी। दीपक की उम्र 43 वर्ष बताई जा रही है।

बवाना इलाके में हत्या

बताया जाता है कि बदमाशों ने दीपक को निशाना बनाकर फायरिंग शुरू कर दी। बदमाशों की गोली दीपक और उसकी बेटी को भी लगी। दीपक की गोली लगने से मौत हो गई वहीं दीपक की बेटी के हाथ गोली लगी है। इस हमले में वह घायल हो गई है। उसे तुरंत नजदीक के अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने बताया कि दीपक नामक 43 वर्षीय युवक की फायरिंग में मौत हो गई है। अज्ञात लोगों ने दीपक पर फायरिंग की। घटना समय दीपक की बेटी भी उसके साथ थी। दीपक की बेटी के हाथ में चोट आई है। वह खतरे से बाहर है।

(इनपुट-भाषा)

Latest Crime News