A
  1. Hindi News
  2. क्राइम
  3. पत्नी की हत्या कर फरार हुआ पति, केरल में अस्पताल परिसर से पकड़ा गया, जानें पूरा मामला

पत्नी की हत्या कर फरार हुआ पति, केरल में अस्पताल परिसर से पकड़ा गया, जानें पूरा मामला

पति ने घर में घुसकर 23 साल की पत्नी की हत्या की और उसके माता-पिता पर हमला कर दिया। जिस समय ये घटना घटी उस समय इस कपल की बेटी भी वहां मौजूद थी।

Husband, wife- India TV Hindi
Image Source : REPRESENTATIVE PIC पति ने घर में घुसकर 23 साल की पत्नी की हत्या की

कोझिकोड: पुलिस ने एक पति को गिरफ्तार कर लिया है, वह घर में घुसकर अपनी पत्नी की हत्या करके फरार हो गया था। पुलिस ने बुधवार को बताया कि घर में घुसकर अपनी पत्नी की हत्या करने के बाद फरार 26 वर्षीय व्यक्ति को इस उत्तरी केरल जिले में अपराध के कुछ घंटों बाद ही पकड़ लिया गया। आरोपी यासिर मूल रूप से पुथुप्पडी का रहने वाला है। उसने मंगलवार रात को यहां एंगपुझा में अपने घर में पारिवारिक विवाद के बाद अपनी पत्नी शिबिला (23) की हत्या कर दी और उसके माता-पिता पर हमला कर दिया।

पत्नी की मौके पर ही मौत

जब यह वीभत्स घटना हुई, तब युवा जोड़े की बेटी भी घर में मौजूद थी। पुलिस ने बताया कि महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि घायल माता-पिता को नजदीकी अस्पतालों में ले जाया गया। अपराध के बाद आरोपी अपनी कार में बैठकर भागने में सफल रहा। हालांकि, पुलिस ने उसके मोबाइल फोन की लोकेशन ट्रैक की और कुछ घंटों बाद उसे यहां सरकारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल के परिसर में पाया।

उसे कार के अंदर बैठे देखा गया और उसे गिरफ्तार कर लिया गया। एक पुलिस अधिकारी ने बताया, 'आरोपी द्वारा कथित उत्पीड़न और मारपीट के कारण हत्या की शिकार महिला कुछ समय से अपने माता-पिता के साथ रह रही थी। उसने हाल ही में यासिर से धमकियों का हवाला देते हुए पुलिस में शिकायत भी दर्ज कराई थी।'

स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि आरोपी सिंथेटिक ड्रग्स और शराब का सेवन करता था। ऐसी भी खबरें थीं कि उसने मंगलवार को अपराध स्थल से भागने से पहले शिबिला के कपड़ों को इकट्ठा करके जला दिया था और उसकी तस्वीरें अपने व्हाट्सएप स्टेटस पर पोस्ट कर दी थीं। लेकिन, पुलिस ने इसकी पुष्टि नहीं की। इस घटना के सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप मचा हुआ है। (इनपुट: भाषा)

Latest Crime News