A
  1. Hindi News
  2. क्राइम
  3. 'प्लीज मुझे माफ कर दें...', पहले दो बच्चों की गला दबाकर की हत्या, फिर पति-पत्नी ने लगाई फांसी, हैरान कर देगी ये वारदात

'प्लीज मुझे माफ कर दें...', पहले दो बच्चों की गला दबाकर की हत्या, फिर पति-पत्नी ने लगाई फांसी, हैरान कर देगी ये वारदात

माता-पिता ने खुद को फांसी लगाने से पहले अपने दो बच्चों की गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद दोनों माता-पिता ने खुद फांसी लगा ली। घर में एक साथ 4 लोगों के शव मिलने से सनसनी फैल गई। घटनास्थल से सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है।

सांकेतिक तस्वीर- India TV Hindi
Image Source : INDIA TV सांकेतिक तस्वीर

तमिलनाडु की राजधानी हैदराबाद में सनसनीखेज मामला सामने आया है। वित्तीय समस्याओं से परेशान होकर एक दंपति ने पहले अपने दो बच्चों की हत्या कर दी। उसके बाद दोनों माता-पिता ने आत्महत्या कर ली। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। 

बेटी और बेटा की गला दबाकर की हत्या

पुलिस ने बताया कि ‘डायल 100’ पर सूचना मिली थी कि सोमवार रात हब्सीगुडा में रहने वाले एक परिवार ने अपने घर में आत्महत्या कर ली है। पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की गई। पुलिस के अनुसार, 45 वर्षीय व्यक्ति और उसकी 35 वर्षीय पत्नी ने अपनी बेटी (14) और बेटे (10) की गला दबाकर हत्या कर दी और फिर खुद फांसी लगा ली। 

सुसाइड नोट मे कहा- प्लीज मुझे माफ कर दें

पुलिस ने कहा कि व्यक्ति द्वारा कथित तौर पर लिखा गया एक ‘सुसाइड नोट’ बरामद किया गया है, जिसमें कहा गया कि मेरे पास जीवन समाप्त करने के अलावा कोई विकल्प नहीं है। प्लीज मुझे माफ कर दें। वह ‘वित्तीय समस्याओं’ के कारण अपने परिवार के सदस्यों के साथ खुद का भी जीवन समाप्त कर रहा है।

वित्तीय समस्या से जूझ रहा था परिवार

उस्मानिया विश्वविद्यालय थाने के एक अधिकारी ने बताया कि मृतक व्यक्ति पहले एक निजी कॉलेज में ‘लेक्चरर’ के पद पर नियुक्त था। शुरुआती जांच के अनुसार घटना के पीछे वित्तीय समस्या का संदेह है। पुलिस ने कहा कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल ले जाया गया है। 

पुलिस ने शुरू की मामले की जांच

बच्चों को जहर दिए जाने की खबरों के बारे में पूछे जाने पर पुलिस अधिकारी ने कहा कि पोस्टमार्टम के बाद ही असल कारणों का खुलासा हो सकेगा। मामला दर्ज कर लिया गया है, जिसकी जांच की जा रही है। (भाषा के इनपुट के साथ)

Latest Crime News