1. Hindi News
  2. क्राइम
  3. शराब के नशे में अजनबी से की बहस, विवाद बढ़ा तो घोंप दिया चाकू; उतारा मौत के घाट

शराब के नशे में अजनबी से की बहस, विवाद बढ़ा तो घोंप दिया चाकू; उतारा मौत के घाट

कोट्टायम में हत्या की सनसनीखेज वारदात हुई है। यहां सेंट्रल जंक्शन पर शराब के नशे में धुत एक शख्स ने मामूली बहस के बाद विनीत को मौत के घाट उतार दिया।

केरल में शराब के नशे...- India TV Hindi
Image Source : PEXELS (प्रतीकात्मक फोटो) केरल में शराब के नशे में हुई बहस के बाद चाकू गोदकर हत्या।

केरल के कोट्टायम में दिल दहलाने वाली वारदात हुई है। दरअसल, कोट्टायम के सेंट्रल जंक्शन पर शराब के नशे में हुई बहस के बाद 32 साल के एक शख्स की चाकू से हमला करने के बाद हत्या कर दी गई। इसके बाद, रेलवे स्टेशन पर हड़कंप मच गया और लोग आम नागरिकों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठाने लगे।

रेलवे स्टेशन पर शराब के नशे में वारदात को दिया अंजाम

पुलिस के मुताबिक, चाकू के हमले मारे गए शख्स की पहचान पंपाडी के रहने वाले विनीत के तौर पर हुई है। मंगानाम निवासी आरोपी श्रीकांत को इस वारदात को अंजाम देने के बाद तुरंत हिरासत में ले लिया गया। पुलिस ने बताया है कि यह घटना बीते शनिवार को रात करीब साढ़े 11 बजे हुई थी।

मामूली बहस के बाद दोनों में बढ़ गया था विवाद

पुलिस के मुताबिक, श्रीकांत और विनीत एक-दूसरे को नहीं जानते थे। उन्होंने आगे कहा कि शराब के नशे में कथित रूप से दोनों के बीच सेंट्रल जंक्शन पर बहस हुई थी, जो विवाद बढ़ने के बाद मारपीट में बदल गई थी। फिर, गुस्से में आकर श्रीकांत ने विनीत पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया, जिसमें विनीत की जान चली गई।

पुलिस को जख्मी हालत में मिला था विनीत

पुलिस ने आगे बताया कि घटना की खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। सेंट्रल जंक्शन पर विनीत, पुलिस को जख्मी हालत में मिला था। इसके बाद, उसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उसे डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

आरोपी को पुलिस ने मौके हिरासत में लिया

कोट्टायम पुलिस के मुताबिक, आरोपी श्रीकांत को घटनास्थल से ही हिरासत में ले लिया गया था। पुलिस का कहना है कि इस मामले में दोषी को कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जाएगी। वारदात के बाद केरल पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और आसपास मौजूद रहे लोगों से जानकारी लेकर पड़ताल शुरू की, ताकि घटना के पूरे घटनाक्रम की पुष्टि हो सके। प्रारंभिक जांच में पुलिस इसको शराब के नशे में हुए विवाद का नतीजा मान रही है। कुछ महीने पहले केरल में दिनदहाड़े हत्या का मामला भी सामने आया था, जिसका CCTV वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था।

ये भी पढ़ें- फ्राइड राइस में चिकन कम होने पर भड़क गया शख्स, रेस्टोरेंट में की तोड़फोड़, कर्मचारियों को पीटा

Latest Crime News