1. Hindi News
  2. क्राइम
  3. प्रेमी को फंसाने के लिए प्रेमिका ने 21 बार दी बम की झूठी धमकी, अहमदाबाद प्लेन क्रैश को लेकर किया था दावा, पुलिस ने किया गिरफ्तार

प्रेमी को फंसाने के लिए प्रेमिका ने 21 बार दी बम की झूठी धमकी, अहमदाबाद प्लेन क्रैश को लेकर किया था दावा, पुलिस ने किया गिरफ्तार

चेन्नई के एक मल्टीनेशनल कंपनी में काम करने वाली एक लड़की को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। दरअसल आरोपी लड़की ने अपने कथित ब्वॉयफ्रेंड के नाम पर पुलिस को 21 बार से अधिक फर्जी बम की धमकी दी थी।

Love turns deadly Woman engineer arrested for framing alleged boyfriend with 21 bomb threats- India TV Hindi
Image Source : FILE PHOTO आरोपी रेने जोशिल्दा

प्यार में एक इंसान आखिर कितना पागल हो सकता है? इसका ताजा उदाहरण चेन्नई से सामने आया है। यहां एकतरफा प्यार में पड़ी एक लड़की ने अपने कथित ब्वॉयफ्रेंड को जेल भेजने के इरादे से पुलिस को 21 बार धमकी भरे ईमेल भेजे। ऐसा करने के पीछे उसका मकसद था कि पुलिस उसके ब्वॉयफ्रेंड को गिरफ्तार कर के जेल भेज दे। इतना ही नहीं, हाल ही में अहमदाबाद में जो विमान क्रैश हुआ था, उसे लेकर भी लड़की ने अपने ब्वॉयफ्रेंड के नाम से ईमेल भेजा था। आरोपी लड़की अपने ब्वॉयफ्रेंड के नाम पर फर्जी ईमेल आईडी बनाकर डार्क वेब के जरिए ईमेल भेजा करती थी। हालांकि पुलिस ने अब आरोपी लड़की को गिरफ्तार कर लिया है।

क्या है पूरा मामला?

दरअसल पूरा मामला चेन्नई का है, जहां एक मल्टीनेशनल कंपनी में बड़े पद पर तैनात रेने जोशिल्दा को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। महिला पर आरोप है कि उसने अपने प्रेमी के नाम से बम की झूठी धमकियां देकर अफवाह फैलाने की कोशिश की। पुलिस ने इस मामले पर बताया कि जोशिल्दा को अपने साथ काम करने वाले दिविज प्रभाकर से प्यार था। यह एकतरफा प्यार था। दिविज ने इसी साल 2025 में फरवरी महीने में शादी कर ली। इस कारण जोशिल्दा उससे गुस्सा हो गई और उसने दिविज से बदला लेने की ठान ली। इस कारण जोशिल्दा ने अपने कथित ब्वॉयफ्रेंड दिविज प्रभाकर के नाम से कई सारी नकली ईमेल आईडी बनाई।

12 राज्यों में 21 से ज्यादा बम की धमकी

पुलिस के मुताबिक, इन ईमेल आईडी से जोशिल्दा ने 12 राज्यों में 21 से ज्यादा बाद बम होने की झूठी दमकी देने वाले ईमेल भेजे। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में जब आईपीएल 2025 का फाइनल मैच था, उसे लेकर भी उसने बम की धमकी दी थी। हर बार जब एजेंसियों को या पुलिस के ये ईमेल मिलता तो वो सतर्क हो जाते। लेकिन जब खोजबीन की जाती तो कुछ नहीं मिलता। इस कारण लोगों को दिक्कतों का बार-बार सामना करना पड़ रहा था। पुलिस ने ये भी बताया कि हाल ही में अहमदाबाद में जो विमान हादसा हुआ, उसे लेकर भी जोशिल्दा ने अपने कथित ब्वॉयफ्रेंड के नाम से ईमेल भेजा था। यह ईमेल बीजे मेडिकल कॉलेज मैनेजमेंट को भेजा गया था, जहां विमान क्रैश हुआ था। 

डार्क वेब का करती थी इस्तेमाल

जोशिल्दा ने इस ईमेल में लिखा, 'अब तुम ताकत समझ गए होगे। कल किए ईमेल के तहत आज एयर इंडिया विमान को क्रैश करा दिया है। हम जानते हैं कि पुलिस ने इसे फर्जी धमकी समझकर नजर अंदाज किया होगा। शाबाश हमारे पायलट। अब समझ गए होगे, हम खेल नहीं खेल रहे थे।' इसके बाद पुलिस ने ईमेल भेजने वाले की तलाशी तेज कर दी। जब पुलिस ने गहनता से इस मामले की जांच की तो पुलिस को सारी कहानी समझ आ गई और पुलिस ने आखिरकार जोशिल्दा को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, जोशिल्दा रोबोटिक्स स्पेशलिस्ट कंप्यूटर इंजीनियर है। जोशिल्दा को यह पता था कि उसके ईमेल भेजने के सोर्स को ट्रैक किया जा सकता है। इस कारण उसने ईमेल भेजने के लिए वर्चुअल आईडी और डार्क वेब जैसे सीक्रेट टूल्स का इस्तेमाल किया। हालांकि अंतत: पुलिस ने उसका पता लगा लिया। बता दें कि जोशिल्दा ने मई-जून के बीच दिविज प्रभाकर के नाम से बनाई गई नकली ईमेल आईडी से दिल्ली, बिहार, पंजाब समेत कई राज्यों में झूठी बम की धमकियां भेजी थीं।

Latest Crime News