A
Hindi News क्राइम शादी टूटने पर बार-बार चिढ़ा रहा था दोस्त, शख्स ने चाकू से हमला कर की हत्या

शादी टूटने पर बार-बार चिढ़ा रहा था दोस्त, शख्स ने चाकू से हमला कर की हत्या

मुंबई के मलाड इलाके में एक शख्स ने अपने दोस्त की चाकू से हमला कर हत्या कर दी। आरोप है कि दोस्त उसे बार-बार शादी टूटने की बात पर चिढ़ाता था। इस बात को लेकर दोनों के बीच विवाद चल रहा था।

चाकू से हमला कर की हत्या।- India TV Hindi Image Source : PIXABAY/REPRESENTATIVE IMAGE चाकू से हमला कर की हत्या।

मुंबई के मलाड इलाके में गुरुवार तड़के एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई। यहां एक कंपनी में साथ काम करने वाले कर्मचारी ने अपने ही सहकर्मी की चाकू मारकर हत्या कर दी। आरोपी को पुलिस ने कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक मृतक दिलखुश साह और आरोपी गणेश मंडल दोनों एक ही कैटरिंग कंपनी में काम करते थे और पास-पास ही रहते थे। दोनों मूल रूप से बिहार के मधुबनी जिले के एक ही गांव के रहने वाले थे।

शादी टूटने पर चिढ़ाता था दोस्त

जानकारी के मुताबिक दिलखुश, 25 वर्षीय गणेश मंडल को उसकी टूटी हुई शादी को लेकर चिढ़ाता था और अक्सर ताने देता था कि उसकी पत्नी उसे “छोड़कर चली गई है।” इसी मजाक और तानों को लेकर दोनों के बीच लंबे समय से तनाव चल रहा था। गुरुवार रात करीब 12:25 बजे दोनों काम पर जा रहे थे। इसी दौरान मलाड पश्चिम स्थित लाइफलाइन अस्पताल के पास दोनों के बीच बहस शुरू हुई, जो देखते ही देखते झगड़े में बदल गई।

चाकू से गले पर किया हमला

झगड़े के दौरान गुस्से में आए गणेश मंडल ने सब्जी काटने के लिए साथ रखा चाकू निकालकर दिलखुश साह के गले पर वार कर दिया। दिलखुश मौके पर लहूलुहान होकर गिर पड़ा, जबकि आरोपी वहां से फरार हो गया। घटना के तुरंत बाद आसपास के लोगों ने घायल को देखा और पुलिस को सूचना दी। पुलिस जब मौके पर पहुंची तो दिलखुश को पास के अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और स्थानीय लोगों की दी गई जानकारी के आधार पर पुलिस ने आरोपी गणेश मंडल को जल्द ही ढूंढ निकाला और उसे गिरफ्तार कर लिया। मलाड पुलिस स्टेशन के एक अधिकारी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत हत्या का केस दर्ज किया गया है। गुरुवार को अदालत में पेश किए जाने के बाद उसे पांच दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है।

यह भी पढ़ें-

मुंबई: फ्लैट में खून से लथपथ हालत में मिला बुजुर्ग महिला का शव, हत्या की आशंका

मां ने 8 माह की बेटी को हौदी में डुबाकर मार डाला, खुद भी कर लिया सुसाइड

Latest Crime News