नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली के द्वारका इलाके में एक महिला की चाकू गोदकर हत्या करने के मामले में उसके पति को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने बताया कि महिला द्वारा पति से एक्स्ट्रा-मैरिटल अफेयर को लेकर सवाल किया गया था, जिसके बाद दोनों के बीच बहस बढ़ गई थी। इसी दौरान गुस्से में आरोपी ने अपनी पत्नी पर कसाई वाले चाकू से हमला कर दिया। इस घटना के बाद से आरोपी फरार चल रहा था। वहीं पत्नी को अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उसे द्वारका के सेक्टर-20 से पकड़ा गया।
एक्स्ट्रा-मैरिटल अफेयर को लेकर हुआ था विवाद
पुलिस ने बताया कि 27 सितंबर को शाम 4.49 बजे पालम की जेजे कॉलोनी में काली माता मंदिर के पास चाकूबाजी की घटना के बारे में एक PCR कॉल मिली थी। पुलिस ने बताया, "महिला की पहचान सोनिया (30) के तौर पर हुई। उसे इंदिरा गांधी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि सोनिया ने अपने पति से उसके कथित एक्स्ट्रा-मैरिटल अफेयर के बारे में सवाल किया था। बहस बढ़ गई और प्रदीप ने कसाई वाले चाकू से उस पर हमला कर दिया, जिससे उसकी छाती और गर्दन पर कई घाव हो गए।"
घटना के बाद फरार हो गया आरोपी
एक चश्मदीद के बयान के आधार पर पालम गांव पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया। इसके बाद क्राइम ब्रांच ने प्रदीप का पता लगाने के लिए टेक्निकल और मैनुअल सर्विलांस का इस्तेमाल किया, क्योंकि वह घटना के बाद से ही फरार था। पुलिस अधिकारी ने कहा, "2 अक्टूबर को टीम को उसके ठिकाने के बारे में खास जानकारी मिली और उसे पकड़ने की कोशिशें तेज कर दी गईं। बाद में उसे द्वारका में पकड़ा गया और गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ के दौरान प्रदीप ने अपराध में अपनी संलिप्तता कबूल कर ली।"
अफेयर के आरोपों को लेकर होता था विवाद
पुलिस ने बताया कि दंपति की शादी 2017 में हुई थी और उनके दो बेटे हैं। खबरों के अनुसार, उनके रिश्ते में कुछ समय से तनाव चल रहा था और एक्स्ट्रा-मैरिटल अफेयर के आरोपों और शक को लेकर अक्सर झगड़े होते रहते थे। उत्तर प्रदेश के मथुरा का रहने वाला प्रदीप बिरयानी का छोटा स्टॉल चलाने के अलावा ढोल बजाने का काम भी करता था। उन्होंने कहा कि अपराध में इस्तेमाल हथियार को बरामद करने और घटनाक्रम का पूरा ब्योरा पता लगाने के लिए आगे की जांच जारी है। (इनपुट- पीटीआई)
यह भी पढ़ें-
बदमाशों ने पुलिसकर्मी को 500 मीटर तक घसीटा, फिल्मी स्टाइल में 4 करोड़ का सोना किया बरामद; चार गिरफ्तार
Latest Crime News