डोंबिवली: महाराष्ट्र के डोंबिवली से एक बेहद शर्मनाक और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक अनाथ युवती को पहले उसकी सहेली के परिवार वालों ने बेरहमी से पीटा और बाद में मदद के लिए बुलाए गए युवक ने ही उसे अपनी दरिंदगी का शिकार बना लिया।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता डोंबिवली में एक निजी संस्थान में काम करती है और उसके माता-पिता नहीं हैं। बताया जा रहा है कि किसी कथित झूठे आरोप को लेकर उसकी सहेली के परिवार वालों ने उसके साथ मारपीट की। इस दौरान सहेली का पिता भी हमले में शामिल था। गंभीर रूप से घायल होने के बाद युवती पुलिस में शिकायत दर्ज कराना चाहती थी लेकिन उसके साथ जाने वाला कोई नहीं था।
मदद के लिए जिसे बुलाया, उसी ने दिया धोखा
ऐसे में उसने सोशल मीडिया ऐप स्नैप चैट के जरिए कुछ दिन पहले बने एक परिचित युवक से मदद मांगी आरोपी, जिसकी पहचान क्रिश भोईर के रूप में हुई है। उसे मानपाडा पुलिस स्टेशन ले जाने की बात कहकर साथ ले गया लेकिन रास्ते में ही वह उसे एक सुनसान जगह पर ले गया जहां उसने उसके साथ दुष्कर्म किया। इतना ही नहीं आरोपी ने पीड़िता से पैसे भी लूट लिए। उसने उसके मोबाइल से सिम कार्ड निकाल लिया और मोबाइल लेकर फरार हो गया। इससे पीड़िता पूरी तरह असहाय हो गई।
पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
किसी तरह हिम्मत जुटाकर पीड़िता शिवसेना (शिंदे गुट) के केंद्रीय कार्यालय पहुंची और मदद की गुहार लगाई मामले की गंभीरता को देखते हुए विधायक राजेश मोरे ने शिवसेना महिला आघाड़ी की कार्यकर्ताओं को पीड़िता के साथ पुलिस स्टेशन भेजा। इसके बाद पुलिस ने तुरंत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू की। जांच पुलिस अधिकारी संपत फडोल और उनकी टीम को सौंपी गई। पुलिस टीम ने तेजी दिखाते हुए महज एक घंटे के भीतर आरोपी क्रिश भोईर को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस को आशंका है कि आरोपी ने इससे पहले भी अन्य युवतियों के साथ इसी तरह के अपराध किए हो सकते हैं। इस एंगल से भी जांच जारी है। मामले की आगे की जांच महिला पुलिस अधिकारी प्रियंका सादळकर कर रही हैं।
(कल्याण से सुनील शर्मा की रिपोर्ट)
Latest Crime News