1. Hindi News
  2. क्राइम
  3. मथुरा जेल में बने दोस्त, भिंड में की चोरी और असम में बेची कार, जानें पुलिस आरोपियों तक कैसे पहुंची

मथुरा जेल में बने दोस्त, भिंड में की चोरी और असम में बेची कार, जानें पुलिस आरोपियों तक कैसे पहुंची

दोनों चोरों की दोस्ती मथुरा जेल में हुई थी। यहां से छूटने के बाद दोनों ने मिलकर भिंड में कार चुराई और उसे मणिपुर-नागालैंड मार्ग पर बेच दिया। बाद में पुलिस ने असम से आरोपी को गिरफ्तार किया।

Representative Image- India TV Hindi
Image Source : SORA AI प्रतीकात्मक तस्वीर

भिंड जिले की सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के वीरेंद्र नगर से स्कोर्पियो गाड़ी चुराने वाले दो चोरों को गिरफ्तार करने में पुलिस ने सफलता हासिल की है। पुलिस ने चोरी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल को भी जब्त कर लिया है। हालांकि मणिपुर नागालैंड में बेची गई स्कोर्पियो को पुलिस बरामद नहीं कर सकी है।

भिंड सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के वीरेंद्र नगर में रहने वाले दीपक शिवहरे ने 11 जुलाई को सिटी कोतवाली थाना पहुंचकर पुलिस को सूचित किया कि 10-11 जुलाई की दरम्यानी रात उनके घर के बाहर खड़ी स्कॉर्पियो कार क्रमांक MP07 JW 8392 की चोरी अज्ञात चोरों द्वारा की गई है। चोरी की घटना उनके घर पर लगे सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हो गई थी। 

आरोपी का पीछा करते असम पहुंची पुलिस

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक डॉ असित यादव एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव पाठक द्वारा सिटी कोतवाली थाना प्रभारी बृजेंद्र सिंह सेंगर को चोरों का पता लगाने के लिए निर्देशित किया। जिसके बाद उन्होंने उपनिरीक्षक सोहनीष तोमर के नेतृत्व में टीम गठित कर जांच पड़ताल शुरू की। पुलिस टीम ने घटनास्थल के, आसपास के होटलों और अन्य सीसीटीवी फुटेज की गहन जांच की। जिसमें एक होटल में असम के रहने वाले संदिग्ध युवक की मौजूदगी और उसके फुटेज मिलने पर संदेह की पुष्टि हुई। 

असम पहुंचकर किया आरोपी को गिरफ्तार

सीसीटीवी फुटेज और होटल में रुके आरोपी की पुष्टि के बाद पुलिस टीम आरोपी की तलाश करते हुए असम पहुंच गई और असम के बरपेटा जिले से एक आरोपी खलीलुर्रहमान पुत्र अबु बकर सिद्दीकी उम्र 46 वर्ष को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने बताया कि उसने भिंड के सुभाष नगर में रहने वाले अपने साथी धर्मेन्द्र शाक्य पुत्र नरेश कुमार शाक्य के साथ मिलकर कार चोरी की और फिर उसे मणिपुर नागालैंड मार्ग के पास एक व्यक्ति को 3.5 लाख रुपए में बेच दिया। उस व्यक्ति से डेढ़ लाख रुपए उसने अपनी पत्नी के खाते में डलवाए, जिसे पुलिस ने तुरंत फ्रीज करवा दिया।

उत्तरप्रदेश की मथुरा जेल में हुई थी दोनों की पहचान

पुलिस द्वारा असम से गिरफ्तार आरोपी की निशानदेही पर भिंड सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के सुभाष नगर में रहने वाले धर्मेंद्र शाक्य को भी गिरफ्तार कर लिया साथ ही घटना में प्रयुक्त पल्सर मोटरसाइकिल को भी बरामद कर लिया। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी आदतन अपराधी हैं और पूर्व में मथुरा जेल में एक साथ रह चुके हैं, वहीं से उनकी दोस्ती हुई और जेल से बाहर आने के बाद चोरी की साजिश रची गई।

पुलिस टीम में यह लोग रहे शामिल

चोरी की इस वारदात का खुलासा करने वाली टीम में निरीक्षक बृजेंद्र सिंह यादव (थाना प्रभारी कोतवाली), निरीक्षक जितेंद्र राजपूत (थाना प्रभारी फूप), निरीक्षक शिवप्रताप सिंह राजावत (थाना प्रभारी उमरी), उप निरीक्षक अतुल भदौरिया (थाना प्रभारी बरोही), उप निरीक्षक रोहित तोमर, उप निरीक्षक वैभव तोमर, आरक्षक नीरज सिंह, दीपक राजावत, अभिषेक यादव, संदीप राजावत सहित डायल-100 की टीम व अन्य स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही।

(भिंड से परानिधेश भारद्वाज की रिपोर्ट)

Latest Crime News