A
Hindi News क्राइम पड़ोसी के साथ आपत्तिजनक हालत में पकड़ी गई बहू तो सास का तकिए से घोंट दिया गला, 8 दिन बाद खुला राज

पड़ोसी के साथ आपत्तिजनक हालत में पकड़ी गई बहू तो सास का तकिए से घोंट दिया गला, 8 दिन बाद खुला राज

मथुरा से हत्या की एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। एक बहू ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर अपनी सास की हत्या कर दी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से हत्या की साजिश का पर्दाफाश हुआ।

पुलिस ने बहू और उसके प्रेमी को भेजा जेल - India TV Hindi Image Source : REPORTER INPUT पुलिस ने बहू और उसके प्रेमी को भेजा जेल

उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले के थाना राया क्षेत्र के ग्राम भंकरपुर बसेला से रिश्तों को तार-तार कर देने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक बहू ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर अपनी सास की निर्मम हत्या कर दी। इसके बाद घटना को साइलेंट अटैक का रूप देकर शव को दफना दिया गया। लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट से इस साजिश का पर्दाफाश हो गया।

जानकारी के अनुसार, मृतका अनवरी बेगम का बेटा आमिर और पति अनवर काम के सिलसिले में घर से बाहर रहते थे। 2 मार्च की देर रात बहू हिना का पड़ोसी प्रेमी आदिल उससे मिलने घर पहुंचा था। इसी दौरान सास अनवरी बेगम ने दोनों को आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया। पकड़े जाने के डर और गुस्से में आकर हिना और आदिल ने मिलकर अनवरी बेगम के मुंह पर तकिया रखकर उनकी हत्या कर दी।

हत्या को बताया साइलेंट अटैक

वारदात को अंजाम देने के बाद शातिर बहू ने अगली सुबह परिवार को सूचना दी कि सास का निधन साइलेंट अटैक की वजह से हो गया है। घर में पुरुष सदस्य न होने और बहू की बातों पर यकीन करते हुए परिजनों ने शव को कब्रिस्तान में दफन कर दिया।

पति का शक, कब्र से निकला शव

कुछ दिनों बाद जब मृतका के पति अनवर को पड़ोसियों से संदिग्ध सूचनाएं मिलीं, तो पति अनवर को हत्या का शक हुआ। अनवर ने जिलाधिकारी से न्याय की गुहार लगाते हुए पोस्टमार्टम की मांग की। 10 मार्च को प्रशासन के आदेश पर मजिस्ट्रेट और पुलिस की मौजूदगी में शव को कब्र से बाहर निकाला गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में स्पष्ट हुआ कि अनवरी बेगम की मौत गला दबाने के कारण हुई थी।

एसएसपी मथुरा, श्लोक कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण गला दबाकर हत्या आया है। सास द्वारा अवैध संबंध देख लिए जाने के कारण उन्होंने इस घटना को अंजाम दिया था। पुलिस ने दोनों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

(रिपोर्ट- विपिन सारस्वत)

ये भी पढ़ें-

साड़ी-चूड़ियां पहन रात को मंदिर में पूजा कर रहे थे रिटायर्ड टीचर, काला जादू के शक में भीड़ ने दी सजा

पुलिस कार्रवाई के दौरान सीढ़ियों से नीचे गिरा शख्स; आरोप लगाया- पुलिस ने गिरा दिया, VIDEO भी आया सामने

Latest Crime News