VIDEO: अजब प्रेम की गजब कहानी, होने वाले दामाद को लेकर भागने वाली सास अब बहनोई के साथ हुई फरार
अलीगढ़ की बहुचर्चित सास अपना देवी अपने दामाद राहुल को लेकर भाग गई थी, जिसके बाद बवाल मचा था। अब अपना देवी राहुल को छोड़कर अपने बहनोई के साथ फरार हो गई थी। जानें अजब प्रेम की गजब कहानी।
अलीगढ़ की बहुचर्चित सास अपना देवी और दामाद राहुल की प्रेम कहानी ने नया मोड़ ले लिया है। पहले पति को धोखा देने वाली अपना देवी अब होने वाले दामाद राहुल को छोड़कर अपने बहनोई के साथ फरार हो गई है। राहुल और अपना देवी दोनों बिहार के सीतामणी के उसरैना में एक साथ रहते थे। राहुल ने अलीगढ़ पुलिस को शिकायत दी कि अपना देवी ₹200000 नगद और जेवरात लेकर फरार हो गई है। पुलिस ने मामला बिहार का बताकर शिकायत दर्ज करने से मना कर दिया।
दरअसल अलीगढ़ के मडराक थाना क्षेत्र से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया था जहां शादी से ठीक पहले सास ही अपने होने वाले दामाद के साथ फरार हो गई थी। 16 अप्रैल को राहुल के साथ अपना देवी की बेटी की शादी तय थी, लेकिन इससे पहले ही अपना देवी ने दामाद को अपने प्रेमजाल में फंसाया और लाखो की नकदी और कीमती जेवरात लेकर उसके साथ फरार हो गई। इस घटना से लड़की के परिवार में हड़कंप मच गया था। परिजनों ने मडराक थाने में तहरीर दी थी।
दामाद के साथ भागी थी सास
अपना देवी के पति जितेंद्र कुमार ने बताया था, गांव में उनकी पत्नी परिवार को संभालती थी। जितेंद्र ने अपनी बेटी शिवानी की शादी छर्रा क्षेत्र के रहने वाले राहुल के साथ तय की थी। शादी 16 अप्रैल 2025 को होनी थी और 2 अप्रैल को परिवार ने पीली चिट्ठी भी भेज दी थी। उधर शादी जब से तय हुई थी तब से होने वाला दामाद राहुल अपनी सास अपना देवी से फोन पर लंबी-लंबी बातें किया करता था।
देखें वीडियो
राहुल और अपना देवी को परिवार वालों ने टोका भी था। लेकिन अपना देवी लगातार राहुल से बातचीत जारी रखी। परिवार के लोग शादी की तैयारी में व्यस्त हो गए थे। घर में शादी के लिए जितेंद्र ने ज्वेलरी और कैश अलमारी में लाकर रखा हुआ था। 6 तारीख को अपना देवी घर का पूरा कैश व ज्वेलरी करीब 2.5 लाख रु व 5 लाख की ज्वैलरी अलमारी से लेकर चुपचाप अपने होने वाले दामाद राहुल के साथ फरार हो गई थी। परिवार को जब मालूम हुआ तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई।
राहुल और अपना देवी की प्रेम कहानी
अपना देवी और राहुल ने फोन पर कह दिया कि अब वह वापस नहीं आएंगे। परिवार ने पुलिस में जब मामला दर्ज कराया तो पुलिस दोनों को पकड़कर थाने ले आई वहां पर अपना देवी राहुल के साथ जाने की जिद परअड़ी रही। क्योंकि दोनों ही बालिग थे इसलिए पुलिस को मजबूरन अपना देवी को राहुल के साथ भेजना पड़ा। अपना देवी के सामने उसके छोटे बच्चे रोते रहे लेकिन उसका दिल नहीं पसीजा। राहुल अपना देवी को लेकर बिहार के सीतामढ़ी जिले के उसरैना गांव में रहने लगा और वहां पर फेरी लगाकर कपड़ा बेचने का काम करने लगा।
प्रेम कहानी में आया ट्विस्ट
राहुल ने जो अब शिकायत पुलिस को दी है उसके अनुसार अपना देवी गांव भवानीपुर दादों निवासी अपने बहनोई देवेंद्र के साथ फरार हो गई है। वह अपने साथ ₹200000 कैश और ज्वैलरी भी ले गई है। अलीगढ़ पुलिस ने राहुल की शिकायत दर्ज करने से मना कर दिया है क्योंकि उनका कहना है कि घटना स्थल बिहार का है। फिलहाल राहुल अपनी शिकायत लेकर इधर से उधर घूम रहा है। राहुल का कहना है कि अब तो ना उसके पास मां-बाप भाई बचे, ना घर बचा, अपना देवी ने उसका सब कुछ बर्बाद कर दिया, अब वह न्याय चाहता है।
(अलीगढ़ से प्रदीप की रिपोर्ट)
