तिरुवनंतपुरम: केरल के तिरुवनंतपुरम से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक महिला ने अपनी डेढ़ साल की बच्ची की हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि आरोपी महिला ने बच्ची को बेडरूम में बंद कर लिया। इसके बाद उसने बच्ची की गर्दन पर चाकू से हमला कर दिया। इससे बच्ची को गंभीर चोट लगी। पुलिस के मुताबिक बच्ची को अस्पताल ले जाया गया, जहां जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया गया। फिलहाल पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।
गला रेतकर की हत्या
पुलिस ने बताया कि तिरुवनंतपुरम जिले के मलयिनकीजु में एक डेढ़ साल की बच्ची की कथित तौर पर उसकी मां ने गला रेतकर हत्या कर दी। पुलिस के मुताबिक मृतक बच्ची की पहचान इवाना के तौर पर हुई है। बताया जा रहा है कि यह घटना गुरुवार को दोपहर 3.30 बजे से 4.30 बजे के बीच विलावूरक्कल गांव के एक घर में हुई।
गर्दन पर चाकू से किया हमला
FIR के मुताबिक, आरोपी महिला ने खुद को और बच्ची को एक बेडरूम में बंद कर लिया और फिर चाकू से बच्ची पर हमला किया, जिससे उसकी गर्दन पर गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद बच्ची को पहले विलावूरक्कल प्राइमरी हेल्थ सेंटर ले जाया गया और बाद में 108 एम्बुलेंस से तिरुवनंतपुरम के SAT अस्पताल भेजा गया। हालांकि, शाम करीब 5.52 बजे डॉक्टरों ने बच्ची की जांच की और उसे मृत घोषित कर दिया।
यह घटना तब सामने आई जब एक रिश्तेदार ने देखा कि मां और बच्ची बाहर नहीं दिख रहे थे और उसने बंद दरवाजा खटखटाया। बताया जा रहा है कि मां, जिसकी पहचान क्रिस्टी के तौर पर हुई है, बाहर आई और रिश्तेदार को बताया कि उसने बच्ची की हत्या कर दी है।
जांच में जुटी पुलिस
फिलहाल पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या से संबंधित भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज किया है। शुरुआती रिपोर्टों से पता चलता है कि पारिवारिक समस्याओं के कारण यह घटना हो सकती है। वहीं पुलिस बच्ची की मौत से जुड़ी परिस्थितियों और इस कथित घटना के पीछे के मकसद की जांच कर रही है। (इनपुट- एएनआई)
यह भी पढ़ें-
6 महीने की प्रेग्नेंट थी… फिर भी मारकर जला दिया, पुलिस ने जलती चिता से उठाएं 6 अवशेष
Latest Crime News