A
Hindi News क्राइम प्रेम संबंधों में बाधा बनी भाभी को किया लहूलुहान, भतीजी को पानी की टंकी में डुबोकर मारा; ननद की खौफनाक साजिश का खुलासा

प्रेम संबंधों में बाधा बनी भाभी को किया लहूलुहान, भतीजी को पानी की टंकी में डुबोकर मारा; ननद की खौफनाक साजिश का खुलासा

युवती ने मोहल्ले के एक युवक से नींद की गोलियां मंगाईं। फिर उसने चिकन और दूध में नशीली गोलियां मिलाकर पूरे परिवार को खिला दिया, जिसकी वजह से सभी अचेत हो गए।

4 वर्षीय मासूम भतीजी की हत्या की।- India TV Hindi Image Source : REPORTER INPUT 4 वर्षीय मासूम भतीजी की हत्या की।

उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर के बसी कलां गांव से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली सनसनीखेज घटना सामने आई है। अपने प्रेम संबंधों में बाधा बनने से नाराज एक 25 वर्षीय युवती ने अपनी ही भाभी और मासूम भतीजी को खत्म करने के लिए खौफनाक साजिश रच डाली।

जानकारी के अनुसार, बसी कलां निवासी आना (25 वर्ष) का गांव के ही एक युवक आदिल के साथ पिछले दो वर्षों से प्रेम प्रसंग चल रहा था। परिजनों ने इस रिश्ते पर पाबंदी लगा दी थी, लेकिन आना चोरी-छिपे संपर्क में बनी रही। आना की भाभी फिरदौस अक्सर उसे इस बात के लिए टोकती थी, जो आना को नागवार गुजरा। इसी टोका-टाकी से तंग आकर आना ने बदला लेने की योजना बना ली। 

परिवार को नशीली गोलियां खिलाई

सोमवार की रात आना ने अपनी योजना को अंजाम दिया। उसने मोहल्ले के ही एक युवक से बहला-फुसलाकर नींद की गोलियां मंगवाईं। रात के खाने में चिकन और दूध में नशीली गोलियां मिलाकर उसने पूरे परिवार को खिला दिया। जब परिवार के सभी सदस्य अचेत हो गए, तो आना ने अपनी 4 वर्षीय मासूम भतीजी को चुपचाप उठाया और घर की छत पर रखी पानी की टंकी में डालकर ढक्कन बंद कर दिया, जिससे दम घुटने और डूबने से बच्ची की मौत हो गई।

इसके बाद उसने सोती हुई भाभी फिरदौस के पेट पर चाकू से कई बार वार कर लहूलुहान कर दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद जब घर में शोर मचा और लोग इकट्ठा होने लगे, तो शातिर आना ने पुलिस और पड़ोसियों को गुमराह करने के लिए बदमाशों द्वारा हमले की झूठी कहानी गढ़ दी। उसने शोर मचाया कि घर में लुटेरे घुस आए हैं और उन्होंने हमला किया है।

3 घंटे में पुलिस का बड़ा खुलासा

घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) संजय वर्मा भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। शुरुआती जांच में ही पुलिस को आना की बातों पर शक हुआ। जब पुलिस ने आना से सख्ती से पूछताछ की, तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर पानी की टंकी से मासूम बच्ची का शव बरामद किया और घायल भाभी को तुरंत जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।

पुलिस ने महज तीन घंटे के भीतर इस वारदात का खुलासा करते हुए आरोपी युवती को गिरफ्तार कर लिया है। मौके से हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू और नशीली दवाइयां भी बरामद कर ली गई हैं। इस घटना के बाद से पूरे बसी कलां गांव में सनसनी फैल गई है।

(रिपोर्ट- योगेश त्यागी)

ये भी पढ़ें-

आजम खान-अब्दुल्ला की बढ़ सकती है सजा? दो पैन कार्ड का मामला पहुंचा इलाहाबाद हाई कोर्ट

फ्रांस के राष्ट्रपति मैक्रों की भारत यात्रा, आज हुए 21 बड़े समझौतों की List आई सामने

Latest Crime News