1. Hindi News
  2. क्राइम
  3. पैरों से दबाकर 3 साल के मासूम को पटक-पटक के मारा, सीसीटीवी में कैद हुई बर्बरता, आरोपी गिरफ्तार-VIDEO

पैरों से दबाकर 3 साल के मासूम को पटक-पटक के मारा, सीसीटीवी में कैद हुई बर्बरता, आरोपी गिरफ्तार-VIDEO

इस घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। गंभीर रूप से घायल तीन साल के मासूम का अस्पताल में इलाज चल रहा है। आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया गया है।

सीसीटीवी से ली गई तस्वीर- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT सीसीटीवी से ली गई तस्वीर

ओडिशा के नबरंगपुर जिले के डाबुगांव थाना क्षेत्र के बोरीगांव गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक बदमाश युवक ने 3 साल के मासूम बच्चे को दो पैरों से पकड़कर सड़क पर जोर-जोर से पटकने की कोशिश की। यह पूरा दृश्य पास लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गया, जिसे देखकर गांव वाले भी सहम गए।

घर के बरामदे में खेल रहा था बच्चा

घटना बोरीगांव निवासी अरुण पनका के 3 साल के बेटे यशप्रीत पनका के साथ हुई। बच्चा अपने घर के बरामदे में खेल रहा था। तभी अरुण पनका की पड़ोसी मिथुला पनका उसे अपने पड़ोसी तुलसी पनका के घर ले गई, जहां बच्चा घर के अंदर खेल रहा था।

बच्चों को पैरों से दबाकर पटका

इसी दौरान गांव का युवक डमु पनका अचानक घर में घुसा। उसने 3 साल के यशप्रीत को जबरदस्ती खींचकर बाहर लेकर आया। बाहर सड़क पर उसने बच्चे को दो पैरों से पकड़कर ऊपर से नीचे जोर-जोर से पटकना शुरू कर दिया।

सीसीटीवी में कैद हुई घटना

यह पूरा घटनाक्रम घर के बाहर लगे CCTV कैमरे में कैद हो गया। फुटेज में साफ दिख रहा है कि युवक किस तरह बच्चे के साथ जानलेवा हरकत कर रहा है। बच्चे को जोर से पटकने के कारण वह बेहोश होकर गिर पड़ा। आसपास मौजूद गांव वालों ने तुरंत बच्चे को युवक के चंगुल से छुड़ाया। लेकिन तब तक डमु पनका वहां से फरार हो चुका था।

प्राइवेट अस्पताल में बच्चे को रेफर किया गया

परिजन बच्चे को पहले डाबुगांव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। लेकिन उसकी हालत गंभीर होने पर उसे उमरकोट के एक निजी अस्पताल में रेफर किया गया। बच्चे के पिता अरुण पनका ने डाबुगांव थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने केस नंबर 229/25 के तहत हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर तफ्तीश शुरू की।

फरार आरोपी को किया गया गिरफ्तार

घटना के बाद से युवक फरार था। लेकिन आज पुलिस को जानकारी मिली कि डमु पनका बोरीगांव में छिपा हुआ है। तुरंत कार्रवाई करते हुए पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस द्वारा आरोपी को कोर्ट में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। अब पुलिस जांच कर रही है कि डमु पनका ने इतने छोटे बच्चे पर हमला क्यों किया। घटना का कारण अभी स्पष्ट नहीं है और ग्रामीण भी इस हरकत से हैरान हैं।

ओडिशा से शुभम कुमार की रिपोर्ट

Latest Crime News