नर्मदापुरम/इटारसी: नर्मदापुरम जिले के केसला ब्लॉक में खेत की बटाई और ₹1000 के लेनदेन को लेकर देवरानी और जेठानी के बीच हुआ विवाद हिंसक हो गया। आरोप है कि विवाद के दौरान देवरानी ने जेठानी का कान दांतों से काट लिया, जिससे उसका कान गंभीर रूप से प्रभावित हो गया है।
क्या है पूरा मामला?
घायल महिला को इलाज के लिए शासकीय अस्पताल इटारसी में भर्ती कराया गया है। मामले की शिकायत पुलिस से की गई है। पीड़िता रवीना कासदे (27) ने बताया कि परिवार के बीच करीब एक एकड़ खेत की बटाई को लेकर विवाद चल रहा था।
खेत की तैयारी में उसने भी पैसे लगाए थे। जब खेती शुरू करने की बात आई तो उसने अपने लगाए गए ₹1000 वापस मांगे। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई। रवीना का आरोप है कि विवाद के दौरान वह घर के अंदर जाने लगी, तभी जेठानी ने उसे पकड़ लिया और मारपीट शुरू कर दी।
इसी दौरान उसके कान को दांतों से काट लिया। हमले में कान का बड़ा हिस्सा प्रभावित हो गया। परिजन तत्काल उसे शासकीय अस्पताल इटारसी लेकर पहुंचे, जहां उसका उपचार जारी है। डॉक्टरों के अनुसार कान की गंभीर चोट के कारण आगे रिकंस्ट्रक्शन की जरूरत पड़ सकती है।
पीड़िता ने क्या बताया?
पीड़िता ने बताया कि विवाद बढ़ने पर उसने गांव के सरपंच को बुलाने की बात कही थी, लेकिन कोई मौके पर नहीं पहुंचा। इसके बाद घटना हुई। रवीना का कहना है कि उसके पति मजदूरी करते हैं और उनके दो बच्चे हैं।
घटना के बाद पीड़िता ने संबंधित थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस का कहना है कि आवेदन प्राप्त हुआ है। मेडिकल रिपोर्ट और दोनों पक्षों के बयान के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
पारिवारिक विवाद में इस तरह के हिंसक घटनाक्रम ने क्षेत्र में चर्चा का विषय बना दिया है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
बता दें कि इस तरह की घटनाएं अक्सर सामने आती हैं कि पारिवारिक विवाद में हिंसा हो जाए लेकिन कोई महिला, दूसरी महिला का कान ही काट ले, ये हैरान करने वाला मामला है।
इससे पहले एक खबर सामने आई थी कि पिता ने 13 दिन की बच्ची की हत्या कर दी है। पत्नी मुस्कान की शिकायत पर उसे गिरफ्तार किया गया। (रिपोर्ट- अब्दुल सलीम)
ये भी पढ़ें-
चप्पल मारी तो गोलियों से भून डाला, अदीला रहमान हत्याकांड का सनसनीखेज खुलासा
Latest Crime News