1. Hindi News
  2. क्राइम
  3. हैदराबाद में महिला का बैग में मिला शव, पुलिस ने नेपाली लिव-इन पार्टनर को किया गिरफ्तार; जानें कैसे हुआ खुलासा

हैदराबाद में महिला का बैग में मिला शव, पुलिस ने नेपाली लिव-इन पार्टनर को किया गिरफ्तार; जानें कैसे हुआ खुलासा

हैदराबाद में पुलिस ने एक नेपाली शख्स को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने अपनी लिव-इन पार्टनर की हत्या की थी। हत्या के बाद उसने ट्रॉली बैग में शव भरकर उसे सुनसान इलाके में फेंक दिया था।

नेपाली लिव-इन पार्टनर गिरफ्तार।- India TV Hindi
Image Source : REPRESENTATIVE IMAGE नेपाली लिव-इन पार्टनर गिरफ्तार।

हैदराबाद: तेलंगाना पुलिस एक महिला की हत्या के मामले का खुलासा किया है। दरअसल, महिला का शव एक ट्रॉली बैग में बरामद हुआ था, जिसके बाद से ही पुलिस इस मामले की जांच में जुटी हुई थी। वहीं इस मामले का खुलासा करते हुए पुलिस ने महिला के लिव-इन पार्टनर को गिरफ्तार किया है। जांच में यह भी पता चला कि महिला दो बच्चों की मां थी और नेपाल से अपने परिवार को छोड़कर हैदराबाद आई थी। महिला गर्भवती थी और वह गर्भपात कराना चाहती थी, जिसका उसके लिव-इन पार्टनर ने विरोध किया था। इस विवाद के बाद उसने महिला की हत्या कर दी और फिर ट्रॉली बैग में शव भरकर उसे फेंक दिया था।

शादीशुदा थी महिला

पुलिस के मुताबिक महिला का शव चार जून को बाचुपल्ली इलाके में झाड़ियों से बरामद किया गया। महिला के शव को एक ट्रॉली बैग में भरकर फेंका गया था। इसके बाद पुलिस ने केस दर्ज करके जांच शुरू की। पुलिस उपायुक्त (बालानगर जोन) के सुरेश कुमार ने बताया कि पांच जून की रात पुलिस ने फास्ट फूड के स्टाल पर काम करने वाले एक युवक को गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान उसने अपना अपराध कबूल कर लिया। पूछताछ में पता चला कि महिला पहले शादीशुदा थी और उसके दो बच्चे भी थे। अपने परिवार को छोड़कर महिला 15 अप्रैल को हैदराबाद आई थी। इसके बाद दोनों ने बोवरपेट में किराये का मकान लिया और साथ में रहने लगे।

लिव-इन पार्टनर ने क्यों की हत्या?

पुलिस के मुताबिक दोनों के बीच 23 मई को विवाद हुआ था। महिला गर्भपात कराना चाहती थी, जबकि आरोपी इसके खिलाफ था। इसी बात को लेकर हुए विवाद के बाद आरोपी ने नाइलॉन के धागे से महिला का गला घोंट दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद आरोपी ने शव को ट्रॉली बैग में भरा और करीब दो किलोमीटर दूर ले जाकर सुनसान इलाके में फेंक दिया। पुलिस ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने आरोपी का बताया लगा। वहीं पूरी जानकारी इकट्ठा करने के बाद आरोपी को गिरफ्तार किया गया। (इनपुट- पीटीआई)

Latest Crime News