ओडिशा के जाजपुर में शर्मसार करने वाली घटना हुई है। इसमें 32 साल की महिला के साथ गैंगरेप को अंजाम दिया गया है। पुलिस के मुताबिक, महिला की तरफ से कलिंगानगर पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराने के बाद बीते शनिवार को दोनों आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उन दोनों ने गुनाह कबूल कर लिया है।
पीड़िता को पहले से जानता था एक आरोपी
पुलिस अफसर के मुताबिक, ये घटना बीते मंगलवार की शाम को हुई। आरोपियों में से एक शख्स, पीड़ित महिला को जानता था। उसी ने फोन करके महिला से कहा कि उसके पति की अचानक तबीयत खराब हो गई है। फिर, पति की बीमारी की खबर सुनकर महिला शाम को लगभग 7 बजे बस से चंडीखोल पहुंची।
शराब पीने के बाद दोनों ने महिला से की दरिंदगी
अधिकारी ने आगे बताया कि आरोपी, महिला को कथित रूप से एक सुनसान बंगले में ले गया। थोड़ी देर बाद वहां उसका एक दोस्त भी आ पहुंचा। फिर, दोनों आरोपी शराब पीकर नशे में धुत हो गए और बाद में शाम के वक्त महिला से कथित रूप से सामूहिक दुष्कर्म किया। फोन पर पति की बीमारी के झूठ को सच मान लेना उसको भारी पड़ गया।
अस्पताल में महिला का इलाज जारी
फिलहाल, पीड़ित महिला का इलाज सुकिंदा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है। कलिंगानगर के एएसपी सुप्रसन्न मलिक ने कहा कि पुलिस की एक टीम ने जाजपुर के बड़चना और जेनापुर इलाकों में रेड कर दोनों आरोपियों को अरेस्ट कर लिया है। उधर, पीड़ित महिला ने इंसाफ दिलाने की मांग की है। वह आरोपियों के लिए कड़ी से कड़ी सजा की मांग कर रही है।
पूछताछ में दोनों आरोपियों ने कबूल किया गुनाह
सुप्रसन्न मलिक ने ये भी कहा कि पुलिस की पूछताछ के दौरान दोनों ही आरोपियों ने अपना अपराध कबूल कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपियों को लोकल अदालत में पेश किया गया, जहां से उनको 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
नागपुर में नशे में धुतकर दिया गैंगरेप को अंजाम
इससे पहले, महाराष्ट्र के नागपुर से दरिंदगी की घटना सामने आई थी। जब ड्रग के नशे में धुत कर शादीशुदा महिला से गैंगरेप किया गया था। दरिंदों ने उसके अश्लील वीडियो बनाए थे और फिर धमकाकर बार-बार पीड़िता का यौन शोषण किया था।
(इनपुट- भाषा)
ये भी पढ़ें- दोस्त ने लड़की को कमरे पर बुलाकर बनवाई वीडियो, ब्लैकमेल करके साथियों संग किया गैंगरेप
Latest Crime News