A
Hindi News क्राइम घर में रखे चूजों को खा लेता था पड़ोसी का नेवला, मारने पर फूटा पड़ोसी का गुस्सा, नाबालिग ने बुजुर्ग की तलवार से कर दी हत्या

घर में रखे चूजों को खा लेता था पड़ोसी का नेवला, मारने पर फूटा पड़ोसी का गुस्सा, नाबालिग ने बुजुर्ग की तलवार से कर दी हत्या

पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर आरोपी को हिरासत में ले लिया है। पुलिस की टीम आरोपी को अदालत में पेश किया, जिसके बाद उसे बाल सुधार गृह भेज दिया गया है।

सांकेतिक तस्वीर- India TV Hindi Image Source : FREEPIK सांकेतिक तस्वीर

ओडिशा के गंजाम जिले के कबीसूर्यानगर थाने के अंतर्गत पथरापल्ली गांव से एक चौंकाने वाली वारदात सामने आई है, जहां एक मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और एक बुजुर्ग की मौत हो गई। मामला पड़ोसी के पालतू नेवले को लेकर शुरू हुआ था, जो देखते ही देखते दो परिवारों के बीच बड़ी बहस और फिर जानलेवा हमला बन गया।

घर पर रखे चूजे खा जाता था पालतू नेवला

जानकारी के मुताबिक, मृतक 72 वर्षीय कृष्‍ण चंद्र मोहंती अपने घर पर चूजे पालते थे। कई बार पड़ोसी नारायण दास के घर का नेवला उनके घर में घुसकर उनके चूजे खा जाता था। इसे लेकर कृष्ण मोहंती ने कई बार नारायण से कहा था कि वह अपने नेवले को बांधकर रखे ताकि नुकसान न हो।

परेशान हो गया था पड़ोसी

शुक्रवार को नेवला फिर से कृष्ण मोहंती के घर में घुस गया और चूजे खा गया। इससे परेशान होकर कृष्ण ने नेवले को भगा दिया और फिर इस बात की शिकायत लेकर पड़ोसी नारायण के पास गए। लेकिन उसी दिन कुछ देर बाद नेवला दोबारा घर में घुसने लगा, जिसके बाद कृष्ण मोहंती नाराज हो गए और नेवले को डंडे से मारा। उसी दौरान नेवले की मौत हो गई।

घर में घुसकर कर दी हत्या

जानकारी के अनुसार, जब नारायण दास को पता चला कि उसका नेवला मर गया है, तो वह गुस्से से लाल हो गया। आरोप है कि वह सीधा कृष्ण मोहंती के घर में घुस गया, जहां बुजुर्ग टीवी देख रहे थे। गुस्से से भरे नारायण ने तलवार से कृष्ण मोहंती पर कई वार कर दिए। तेज हथियार से किए गए हमलों के बाद कृष्ण वहीं गिर पड़े और उनका शरीर खून से लथपथ हो गया। वारदात के तुरंत बाद आरोपी नाबालिग मौके से फरार हो गया।

शव का किया गया पोस्टमार्टम

कृष्ण मोहंती की चीखें सुनकर उनके परिवार के लोग पास के कमरे से दौड़कर आए। उन्होंने उन्हें खून से भरे हाल में देखा और तुरंत कबीसूर्यानगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी पुलिस को दी गई, जिसके बाद टीम अस्पताल पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया।

नाबालिग हिरासत में

कबीसूर्यनगर थाना प्रभारी निरंजन दस के अनुसार घटना के बाद पुलिस ने छानबीन शुरू की और नाबालिग आरोपी नारायण दास को पकड़ लिया। पुलिस ने उसे अदालत में पेश किया, जिसके बाद उसे बाल सुधार गृह भेज दिया गया है।

जानिए क्या बोला मृतक बुजुर्ग का पोता

मृतक के पोते तपन मोहंती के अनुसार, 'दादाजी ने आज चूजा खरीदा था, जिसे फिर से पड़ोसी के नेवले ने खा लिया। दादा ने कई बार कहा था कि नेवले को बांधकर रखें, लेकिन उन्होंने नहीं माना। दादा ने गुस्से में लकड़ी फेंकी, जो नेवले को लग गई । इसी बात पर नाबालिग लड़के ने घर में घुसकर दादा को मार डाला।'

शुभम कुमार की रिपोर्ट

Latest Crime News