A
  1. Hindi News
  2. क्राइम
  3. मुकदमे से बचने के लिए शख्स ने खुद को घोषित कर दिया मृत, चार साल बाद गोरखपुर से हुआ गिरफ्तार

मुकदमे से बचने के लिए शख्स ने खुद को घोषित कर दिया मृत, चार साल बाद गोरखपुर से हुआ गिरफ्तार

दिल्ली पुलिस ने गोरखपुर से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने मुकदमे से बचने के लिए खुद को मृत घोषित कर दिया था और करीब चार साल से फरार था। हालांकि अब उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।

पुलिस ने आरोपी को गोरखपुर से किया गिरफ्तार।- India TV Hindi
Image Source : PEXELS/REPRESENTATIVE IMAGE पुलिस ने आरोपी को गोरखपुर से किया गिरफ्तार।

दिल्ली पुलिस ने एक शातिर अपराधी को यूपी के गोरखपुर जिले से गिरफ्तार किया है। आरोपी चोरी और अवैध हथियार रखने के कई मामलों में मुकदमे से बचने के लिए अपनी मौत का नाटक कर रहा था। एक अधिकारी ने बताया कि आरोपी की पहचान दिल्ली के मुंगेशपुर गांव निवासी वीरेंद्र विमल के रूप में हुई है। आरोपी ने कोर्ट की ओर से जारी गैर-जमानती वारंट से बचने के लिए 2021 में जाली दस्तावेजों का इस्तेमाल कर खुद को मृत घोषित कर दिया था। विमल एक आदतन अपराधी था, जो बवाना थाने में दर्ज घरों में सेंधमारी, चोरी और अवैध हथियार रखने के कई मामलों में वांछित था। 

फर्जी तरीके से बनवाया मृत्यु प्रमाण पत्र

पुलिस उपायुक्त (अपराध) आदित्य गौतम ने कहा, ‘‘आरोपी ने कथित रूप से दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) का एक जाली मृत्यु प्रमाण पत्र प्राप्त कर लिया, जिसमें उसकी मृत्यु की तारीख 24 अगस्त 2021 दिखाई गई थी। इसके बाद उसके मामलों में अदालत की कार्यवाही समाप्त कर दी गई।’’ हालांकि, पुलिस ने हाल ही में मामले की फिर से जांच की और मृत्यु रिकॉर्ड में विसंगतियां पाई गईं। अधिकारी ने कहा, ‘‘जांच के बाद पता लगा कि उसकी मौत नहीं हुई थी और अदालत को गुमराह करने के लिए प्रमाण पत्र में हेराफेरी की गई थी।’’ 

गोरखपुर से पकड़ा गया आरोपी

पुलिस उपायुक्त (अपराध) आदित्य गौतम ने बताया कि पुलिस ने लगातार निगरानी करने के बाद आरोपी का पता लगाया और उसे गोरखपुर से पकड़ लिया गया। पुलिस ने बताया कि आरोपी की पहचान की पुष्टि ‘क्राइम कुंडली’ (एक बायोमेट्रिक डेटाबेस) और ‘फेशियल रिकॉग्निशन सिस्टम (एफआरएस) सॉफ्टवेयर’ का उपयोग करके की गई। इस प्रक्रिया में उसकी नवीनतम तस्वीर को पुलिस के पिछले रिकॉर्ड से मिलान किया और उसकी पहचान कर ली गई। पुलिस ने बताया कि आरोपी को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) के प्रासंगिक प्रावधानों के तहत गिरफ्तार कर लिया गया है और अदालत में पेश किया गया। (इनपुट- पीटीआई)

यह भी पढ़ें-

अयोध्या में एक बार फिर विश्व रिकॉर्ड बनाने की तैयारी, 56 घाटों पर जलाए जाएंगे 28 लाख दीप

जेल में बड़ा खेल! कैदी ने रिहाई के बाद कारागार के खाते से उड़ाए 30 लाख रुपये; अधिकारियों के उड़े होश

Latest Crime News