1. Hindi News
  2. क्राइम
  3. खुद को पुलिसकर्मी बता कर चोरी का सामान करता था जब्त, ठगी देख असली खाकी वर्दी भी हैरान, आरोपी अरेस्ट

खुद को पुलिसकर्मी बता कर चोरी का सामान करता था जब्त, ठगी देख असली खाकी वर्दी भी हैरान, आरोपी अरेस्ट

आरोपी फर्जी पुलिसकर्मी को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके पास से बड़ी संख्या में चोरी का सामान बरामद हुआ है। पुलिस की टीम भी उसकी ठगी देख कर हैरान रह गई।

सांकेतिक तस्वीर- India TV Hindi
Image Source : PTI सांकेतिक तस्वीर

महाराष्ट्र के लातूर जिले से चोरी की हैरान कर देने वाली वारदात सामने आई है। खुद को पुलिसकर्मी बता कर चोरी का सामान बरामद करने में मदद करने के बहाने लोगों को ठगने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी के पास से चोरी का सामान बरामद हुआ है।  

दिखाता था फर्जी दस्तावेज

अधिकारियों के अनुसार, आरोपी समाचार पत्रों में प्रकाशित चोरी की घटनाओं पर नजर रखता था। वह फर्जी दस्तावेजों और यूपीएससी के साक्षात्कार वीडियो का इस्तेमाल कर खुद को पुलिस अधिकारी बताता था। फिर चोरी हुई कीमती वस्तुएं बरामद करने का झांसा देकर पीड़ितों से भारी रकम वसूलता था। 

आरोपी के पास से 4.3 लाख रुपये नकद बरामद

पुलिस ने बताया कि स्थानीय अपराध शाखा ने आरोपी के पास से 4.3 लाख रुपये नकद जब्त किए हैं। इस संबंध में मंगलवार को जारी पुलिस विज्ञप्ति के अनुसार, जिले में धोखाधड़ी की कई शिकायतों की जांच के बाद सोमवार को परभणी निवासी आरोपी विजय अनिरुद्ध कदम (25) को गिरफ्तार किया गया। 

आरोपी को किया गया गिरफ्तार

क्राइम ब्रांच की टीम को यह सूचना मिली थी कि शहर के न्यू रेणापुर नाका के पास एक व्यक्ति खुद को पुलिस अधिकारी बताकर लोगों को ठग रहा था। इसके बाद टीम ने सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए संदिग्ध को गिरफ्तार किया और उसके पास से 4.3 लाख रुपये नकद बरामद किए। 

अखबारों में छपी चोरी की खबरों पर रखता था नजर

पूछताछ के दौरान आरोपी कदम ने बताया कि वह समाचार पत्रों में छपी चोरी की खबरों पर नजर रखता था और फिर पीड़ितों के संपर्क नंबर हासिल कर उनसे पुलिस अधिकारी के रूप में मिलता था। इसके बाद वह उक्त सामग्री दिखाकर पीड़ितों का विश्वास जीतता था और चोरी हुई कीमती वस्तुएं बरामद करने का झांसा देकर पीड़ितों से भारी रकम वसूलता था।

Latest Crime News