1. Hindi News
  2. क्राइम
  3. पुणे: कूड़ेदान में एक बोतल से नवजात का शव मिला, 8 बोतलों से मानव शरीर के अंग बरामद, मच गया हड़कंप

पुणे: कूड़ेदान में एक बोतल से नवजात का शव मिला, 8 बोतलों से मानव शरीर के अंग बरामद, मच गया हड़कंप

पुणे में एक कूड़ेदान से एक बोतल के अंदर नवजात का शव बरामद हुआ है। इसके अलावा 8 और बोतलें मिली हैं, जिसमें मानव शरीर के अंग हैं।

Pune Newborn body found- India TV Hindi
Image Source : INDIA TV कूड़ेदान में बोतलों से नवजात और मानव शरीर के अंग बरामद

पुणे: महाराष्ट्र के पुणे से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां की दौंड तहसील में एक कूड़ेदान से एक नवजात बच्चे का शव बोतल में बंद मिला है। इसके अलावा 8 बोतलें और मिली हैं, जिसमें मानव शरीर के अंग मिले हैं। पुलिस ने इस मामले को दर्ज कर लिया है।

क्या है पूरा मामला?

मिली जानकारी के मुताबिक, दौंड तहसील के बोरावके नगर क्षेत्र में स्थित कूड़ेदान में प्लास्टिक की 9 अलग-अलग बोतलें मिलीं। इसमें से एक बोतल में नवजात शिशु का शव था और अन्य 8 बोतलों में मनुष्य के शरीर के विविध अंग डाले गए थे। इन बोतलों को अच्छी तरह से बंद किया गया था और इसे किसी ने कूड़ेदान में फेंका था। जैसे ही इस खबर के बारे में इलाके में पता लगा तो हड़कंप मच गया। 

डिप्टी एसपी का सामने आया बयान 

इस वारदात को लेकर दौंड शहर के डिप्टी एसपी बापूराव दडस ने बताया कि कूड़ेदान में पड़ी इन बोतलों को देखकर कुछ स्थानीय लोगों ने तुरंत ही इसकी जानकारी पुलिस कंट्रोल रूम को फोन करके दी। इसके बाद पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची और इन सारी बोतलों को अपने कब्जे में ले लिया। इस मामले में दौंड पुलिस थाने में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला भी दर्ज किया गया है। इस वारदात को लेकर पुलिस आगे जांच कर रही है।

डिप्टी एसपी बापूराव दडस ने बताया कि आज सुबह दौंड शहर के करीबी बोरावके नगर इलाके में स्थित एचपी पेट्रोल पंप के पास एक कूड़ेदान में कुछ बोतलें मिलीं। इसमें से एक बोतल में मृत नवजात शिशु का शव और 7 से 8 बोतलों में शरीर के कुछ अंग होने की जानकारी हमें डायल 112 के माध्यम से प्राप्त हुई। इसके बाद हमारे पुलिसकर्मी और अधिकारी घटनास्थल पर दाखिल हुए। उन्होंने घटनास्थल का पूरी तरह से निरीक्षण किया और कानूनी कार्रवाई पूरी करते हुए हम दौंड पुलिस स्टेशन में कानून की उचित धाराओं के अनुसार मामला दर्ज कर रहे हैं। इसे लेकर सही जांच चल रही है। इस मामले को लेकर PI गोपाल पवार, API नागनाथ पाटिल आगे की जांच कर रहे हैं। (इनपुट: समीर शेख)

Latest Crime News