1. Hindi News
  2. क्राइम
  3. रोहतक में लिव-इन पार्टनर के साथ युवक की हत्या, दोनों के शव नहर से बरामद, दो गिरफ्तार-VIDEO

रोहतक में लिव-इन पार्टनर के साथ युवक की हत्या, दोनों के शव नहर से बरामद, दो गिरफ्तार-VIDEO

पुलिस की जांच में सामने आया कि मृतक युवक 8 महीने पहले ही दिल्ली पहुंचा था। गर्लफ्रेंड के साथ रह रहा था। 30 सितंबर को उसकी अपनी मां आखिरी बार बात हुई थी।

दोनों मृतक के शव नहर से मिले- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT दोनों मृतक के शव नहर से मिले

हरियाणा के रोहतक जिले में दिल्ली निवासी एक युवक और उसकी लिव-इन पार्टनर की हत्या कर शव नहर में फेंकने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। दोनों के शव आसौधा के पास नहर से बरामद किए गए हैं। मृतक युवक करीब आठ महीने से अपनी महिला साथी के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहा था। मामले में युवक के दोस्तों पर हत्या का आरोप लगा है। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर तीन दिन के रिमांड पर लिया है।

गर्लफ्रेंड के साथ रहने लगा था दिल्ली

पुलिस के मुताबिक, मृतकों की पहचान दिल्ली निवासी युवक और उसकी लिव-इन पार्टनर के रूप में हुई है। युवक पहले रोहतक के सांपला खंड के गांव हसनगढ़ में जनरल स्टोर चलाता था। करीब आठ महीने पहले उसने दुकान बंद कर दी थी और अपनी गर्लफ्रेंड के साथ दिल्ली में रहने लगा था।

युवक की आखिरी बार 30 सितंबर को मां से हुई थी बात

जानकारी के मुताबिक, 26 सितंबर को दोनों कार से अपने दोस्तों से मिलने रोहतक आए थे। इसके बाद 30 सितंबर को युवक की अपनी मां से आखिरी बार फोन पर बातचीत हुई थी। इसके बाद दोनों से संपर्क नहीं हो पाया। रविवार शाम दोनों के शव आसौधा के पास नहर से बरामद किए गए।

युवक ने हाल ही में बेची थी जमीन

पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि युवक ने हाल ही में कुछ जमीन बेची थी। उसे करीब 30 लाख रुपये मिले थे। वहीं, उसकी कार भी गायब मिली है। पुलिस इस पहलू को भी जांच में शामिल कर रही है कि कहीं पैसे और कार को लेकर तो हत्या नहीं की गई।

गिरफ्तार कर पुलिस की रिमांड पर भेजा गया

सांपला थाना पुलिस ने हसनगढ़ निवासी नितेश उर्फ मेडिस और नितेश उर्फ बच्चा के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है। दोनों को गिरफ्तार कर तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। हालांकि, पुलिस के मुताबिक अभी हत्या की स्पष्ट वजह सामने नहीं आई है। आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस वारदात में इस्तेमाल कार और अन्य संभावित सबूतों की तलाश कर रही है। पुलिस का कहना है कि पूछताछ और जांच के बाद हत्या के पीछे की पूरी वजह स्पष्ट हो सकेगी।

सुनील कुमार की रिपोर्ट

ये भी पढ़ें: 

4 साल पहले ‘मरा’ था रवि शंकर, हत्या के आरोप में 4 लोग गए जेल... अब नोएडा में जिंदा मिला तो पुलिस के उड़े होश

Latest Crime News