A
  1. Hindi News
  2. क्राइम
  3. लड़की के साथ 5 दरिंदों ने किया गैंगरेप, फिर हत्या कर पपीते के पेड़ से लटकाया

लड़की के साथ 5 दरिंदों ने किया गैंगरेप, फिर हत्या कर पपीते के पेड़ से लटकाया

सीतामढ़ी के एक गांव से शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। आम तोड़ने बगीचे में गई एक बच्ची से गैंगरेप करने के बाद उसकी हत्या कर दी गई।

गिरफ्तार हुए गैंगरेप और हत्या के सभी आरोपी- India TV Hindi
गिरफ्तार हुए गैंगरेप और हत्या के सभी आरोपी

बिहार के सीतामढ़ी जिले के नानपुर थाना क्षेत्र के एक गांव से मानवता को शर्मसार कर देने वाली एक घिनौनी वारदात सामने आई है। यहां कच्चा आम तोड़ने गई एक 12 वर्षीय बच्ची के साथ पांच युवकों ने गैंगरेप किया। इसके बाद बेरहमी से गला दबाकर उसकी हत्या कर दी और शव को पपीते के पेड़ से लटका दिया। मामले में पुलिस ने सभी पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

12 साल की बच्ची से हैवानियत

पुलिस अधीक्षक (SP) अमित रंजन ने प्रेस कांफ्रेंस कर इसकी जानकारी दी है। इस जघन्य अपराध का खुलासा करते हुए बताया कि यह घटना मंगलवार रात 8:00 बजे की है। जानकारी के अनुसार, नानपुर थाना क्षेत्र के एक गांव की 12 साल की बच्ची मंगलवार शाम घर के पास एक आम के बगीचे में आम तोड़ने गई थी। इसी दौरान बगीचे में मौजूद पांच युवकों ने उसे पकड़ लिया।

गैंगरेप के बाद कर दी हत्या

इन दरिंदों ने पहले बच्ची की बेरहमी से पिटाई की। इसके बाद बारी-बारी से बच्ची के साथ गैंगरेप की वारदात को अंजाम दिया। हैवानियत की सारी हदें पार करते हुए गैंगरेप के बाद इन पांचों ने बच्ची की गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद उन्होंने बच्ची के ही दुपट्टे से उसके गले में फंदा बनाकर शव को एक पपीते के पेड़ से लटका दिया।

शव पेड़ से लटका मिला

जब ग्रामीणों ने बच्ची का शव पेड़ से लटका देखा तो पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत जांच शुरू की और कुछ ही घंटों के भीतर पांच संदिग्धों को हिरासत में ले लिया।

पांचों आरोपी गिरफ्तार

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि इस मामले में सत्यम कुमार, रणवीर कुमार, हर्षवर्धन कुमार, अजीत कुमार और रवि कुमार नान के पांच युवकों को गिरफ्तार किया गया है। एसपी ने कहा कि इस मामले में स्पीडी ट्रायल चलाकर सभी आरोपियों को जल्द से जल्द कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जाएगी। वहीं, बच्ची के परिवार में मातम पसरा हुआ है और वे न्याय की गुहार लगा रहे हैं।

(इनपुट- कुमार सौरभ)

ये भी पढ़ें-

VIDEO: प्रेग्नेंट महिला के शव को लादकर 8 KM तक चले परिजन, अस्पताल में मौत के बाद नहीं मिली एंबुलेंस

राहुल गांधी के बयान पर सुधांशु त्रिवेदी का पलटवार, "आपकी पार्टी के कारनामे कैलेंडर में सरेंडर है"

Latest Crime News