बेंगलुरु: कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक टेक कर्मी और महिला एक-दूसरे से बम्बल के जरिए संपर्क में आए। इसके बाद दोनों के बीच कई हफ्ते तक मैसेजिंग और वीडियो कॉल होती रही। एक महीने बाद दोनों ने मिलने का फैसला किया और दोनों एक कॉफी शॉप में मिले। शुरुआत में सब ठीक रहा, लेकिन फिर महिला ने सुझाव दिया कि वे एक कमरे में जाकर कुछ ड्रिंक्स लें, लेकिन बाद में जो हुआ उसने एक अच्छी डेट को बुरे सपने में बदल दिया।
कमरे में घुसे चार लोग
जानकारी के मुताबिक वे बैठकर बातें कर रहे थे, तभी चार आदमी कमरे में घुस आए और उन पर ड्रग पार्टी में शामिल होने का आरोप लगाया। उन्होंने पुलिस बुलाने की धमकी दी और उसके कमरे की तलाशी लेने की मांग की। उन्होंने महिला के बैग से सफेद पाउडर के पैकेट निकाले और दावा किया कि वे ड्रग्स हैं। इसके बाद महिला रोने लगी तो दूसरे कमरे में भाग गई। उसने खुद को मार डालने तक की धमकी दी क्योंकि वह ये सब सहन नहीं कर सकती थी। टेक कर्मी से उन्होंने 15 लाख रुपये की मांग की, जिस पर उसने 2 लाख रुपये दे भी दिए।
15 लाख रुपये की मांग
वहीं घटना के तीन दिन बाद टेक कर्मी ने पूरे मामले की जानकारी पुलिस को दी और शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद पुलिस ने एक महिला और पुरुष के द्वारा चलाए जा रहे डेट-एक्सटॉर्शन मॉड्यूल का पर्दाफाश किया। महिला के टेक कर्मी से संपर्क करने से लेकर 2 लाख रुपये की उगाही तक की पूरी योजना पहले से बनाई गई थी। महिला इस गिरोह का हिस्सा थी और उसके बैग से मिला सफेद पाउडर नशीला पदार्थ नहीं बल्कि बेकिंग सोडा था। पुलिस ने इस मामले में छह लोगों को गिरफ्तार किया है। इन सभी आरोपियों की पहचान शरणबसप्पा, राजू माने, श्याम सुंदर, अभिषेक, बीरबल और संगीता के रूप में हुई।
Latest Crime News