A
  1. Hindi News
  2. क्राइम
  3. गर्लफ्रेंड की मां ने छात्र को पीट-पीटकर मार डाला, लड़की भी बुरी तरह घायल

गर्लफ्रेंड की मां ने छात्र को पीट-पीटकर मार डाला, लड़की भी बुरी तरह घायल

तेलंगाना के सांगारेड्डी में गर्लफ्रेंड की मां ने 19 साल के बीटेक छात्र को घर बुलाकर क्रूरता से पीट-पीटकर मार डाला। वहीं, लड़की को भी गंभीर चोटें आई हैं, और उसकी हड्डी टूट गई है। पुलिस ने हत्या व हत्या के प्रयास का केस दर्ज किया है।

Telangana murder, girlfriend mother kills boyfriend- India TV Hindi
Image Source : PIXABAY REPRESENTATIONAL लड़के को सांगारेड्डी बुलाकर पीटा गया था।

हैदराबाद/संगारेड्डी: तेलंगाना से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। 19 साल के इंजीनियरिंग स्टूडेंट की उस वक्त मौत हो गई, जब प्रेमिका के घर बुलाकर उसकी मां ने कथित तौर पर उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी। बताया जा रहा है कि दोनों कक्षा 10 से एक-दूसरे को चाहते थे। लड़की की मां ने अपनी बेटी को भी बुरी तरह मारा, जिसमें बेटी को सिर में चोट आई और उसकी हड्डी टूट गई। पुलिस ने बताया कि लड़के का नाम अभी गोपनीय रखा जा रहा है। वह बीटेक कर रहा था, जबकि लड़की किसी दूसरे कॉलेज से ग्रेजुएशन कर रही है।

'लड़की का परिवार रिश्ते के सख्त खिलाफ था'

पुलिस ने बताया कि दोनों पिछले कई सालों से रिलेशनशिप में थे, लेकिन लड़की का परिवार इस रिश्ते के सख्त खिलाफ था। फिर भी दोनों चोरी-छिपे मिलते रहते थे। बुधवार को लड़की की मां और घर के दूसरे लोगों ने लड़के को बात करने के बहाने घर बुलाया। पुलिस के मुताबिक, जैसे ही वह सांगारेड्डी जिले में लड़की के घर पहुंचा, रिश्ते को लेकर झगड़ा शुरू हो गया। गुस्साई मां ने पहले अपनी बेटी को पीटना शुरू किया। जब लड़का बीच-बचाव करने आया तो मां ने उस पर भी हमला बोल दिया। पुलिस का कहना है कि लड़के को सिर पर गंभीर चोट आई।

झगड़े की वजह लड़की का कथित प्रेग्नेंट होना?

कुछ लोगों का दावा है कि महिला ने क्रिकेट बैट से हमला किया और झगड़े की वजह लड़की का कथित प्रेग्नेंट होना था, लेकिन पुलिस ने कहा कि यह बात अभी कन्फर्म नहीं हुई है और हर एंगल से जांच की जा रही है। लड़के को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। लड़की को भी फ्रैक्चर और सिर में चोट आई है, उसका इलाज चल रहा है। पुलिस से जब पूछा गया कि क्या घर के बाकी लोग भी मारपीट में शामिल थेतो उसने कहा कि अभी सभी पहलुओं की जांच हो रही है। पुलिस ने हत्या और हत्या के प्रयास की धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है और आरोपी महिला के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। (PTI)

Latest Crime News