1. Hindi News
  2. क्राइम
  3. तालाब से नहाकर लौट रही नाबालिग लड़की को अगवाकर 3 हैवानों ने किया गैंगरेप, 3 घंटे के भीतर गिरफ्तार

तालाब से नहाकर लौट रही नाबालिग लड़की को अगवाकर 3 हैवानों ने किया गैंगरेप, 3 घंटे के भीतर गिरफ्तार

ओडिशा में एक बेहद परेशान करने वाली घटना सामने आई है, जिससे पूरे राज्य में आक्रोश फैल गया है। एक नाबालिग लड़की के साथ कथित तौर पर गैंगरेप किया गया। बदमाशों ने कथित तौर पर लड़की को उसके घर से चाकू की नोंक पर अगवा कर लिया।

पुलिस हिरासत में आरोपी- India TV Hindi
Image Source : REPORTER पुलिस हिरासत में आरोपी

ओडिशा के सुंदरगढ़ जिले के धुरूआडीही थाना क्षेत्र में मंगलवार की शाम एक बेहद दर्दनाक घटना हुई, जहां एक नाबालिग लड़की के साथ तीन बदमाशों ने सामूहिक दुष्कर्म  किया। इस घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। जानकारी के मुताबिक, धारूआडीही के तलसरा गांव की रहने वाली 17 साल की  नाबालिग लड़की मंगलवार की शाम पास की ही एक नदी में नहाकर अपने घर लौट रही थी। इसी दौरान पहले से घात लगाकर बैठे तीन युवकों ने उसे रास्ते में ही दबोच लिया। आरोपी उसे जबरन खींचकर एक सुनसान जगह पर ले गए और वहां उसके साथ बार-बार  दुष्कर्म किया। 

खून ज्यादा बहने से लड़की बेहोश

इस बर्बर हमले के कारण नाबालिग लड़की को गंभीर चोटें आईं और भारी मात्रा में खून बहने की वजह से वह मौके पर ही बेहोश हो गई। इसके बाद आरोपी उसे उसी नाजुक हालत में छोड़कर वहां से भाग निकले। कुछ समय बाद जब पीड़ित लड़की को होश आया, तो वह किसी तरह हिम्मत जुटाकर अपने घर पहुंची और अपने परिवार को पूरी आपबीती सुनाई।

पुलिस ने तीन आरोपियों को किया गिरफ्तार

घटना की भयावहता को देखते हुए परिवार वाले तुरंत शाम करीब 7:00 बजे अपनी बेटी और उसकी मां के साथ धुरूआडीही पुलिस स्टेशन पहुंचे और एफआईआर दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत मिलते ही तुरंत एक्शन लिया और केस नंबर 125, दिनांक 16.06.2026 को भारतीय न्याय संहिता की धारा 70(2), 77, 351(2) और पॉक्सो एक्ट की धारा 06 के तहत मामला दर्ज कर लिया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए इलाके की एसपी अमृतपाल कौर ने खुद पीड़िता से बात की, घटनास्थल का दौरा किया और आरोपियों को पकड़ने के लिए कई विशेष टीमें गठित कीं। नजदीकी थानों की पुलिस टीमों ने संयुक्त रूप से तलाशी अभियान चलाया। पुलिस की मुस्तैदी का नतीजा यह रहा कि रिपोर्ट दर्ज होने के महज 3 घंटे के भीतर, रात करीब 9:30 बजे , तलसरा गांव के रहने वाले तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने पीड़िता को तुरंत सुरक्षित बचाते हुए एक स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उसका इलाज चल रहा है और फिलहाल उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। पुलिस द्वारा मामले की आगे की कानूनी जांच की जा रही है।

ओडिशा से शुभम कुमार की रिपोर्ट

Latest Crime News